विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ग्रेटर नोएडा: एक्शन में पुलिस आयुक्त जे. रविन्दर गौड, बीटा-2 और नॉलेज पार्क कोतवाली का किया निरीक्षण, दिए ये निर्देश

Published: Mon, 30 Nov 2026 01:35 AM (IST)

पुलिस आयुक्त जे. रविन्दर गौड ने ग्रेटर नोएडा की बीटा-2 और नॉलेज पार्क कोतवाली का दौरा किया। उन्होंने नागरिक केंद्रित पुलिसिंग, फरियादियों से सम्मानजनक व्यवहार और त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

ग्रेटर नोएडा पुलिस आयुक्त ने नॉलेज पार्क कोतवाली का किया निरीक्षण ( फोटो स्रोत : जागरण )

ग्रेटर नोएडा पुलिस आयुक्त ने नॉलेज पार्क कोतवाली का किया निरीक्षण ( फोटो स्रोत : जागरण )

HighLights

  1. पुलिस आयुक्त ने बीटा-2, नॉलेज पार्क कोतवाली का भ्रमण किया।

  2. नागरिकों से मृदु व्यवहार, शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश।

  3. गश्त बढ़ाने और आपात मदद पर विशेष जोर दिया।

गजेंद्र पांडेय, ग्रेटर नोएडा। पुलिस आयुक्त जे. रविन्दर गौड ने शनिवार को बीटा-2 और नॉलेज पार्क कोतवाली का भ्रमण किया। उन्होंने व्यवस्थाओं और अभिलेखों का अवलोकन किया।

इस दौरान उन्होंने फरियादियों के लिए दिए गए दिशा-निर्देशों पर विशेष जोर दिया। कहा कि कोतवाली नागरिकों की सेवा का पहला केंद्र है, इसलिए यहां आने वाले हर व्यक्ति को सम्मान और भरोसा मिलना चाहिए।

पुलिस आयुक्त ने कई व्यवस्थाओं को देखा

पुलिस आयुक्त ने कार्यालय, कंप्यूटर कक्ष, सीसीटीएनएस कार्यालय, साइबर सहायता केंद्र, महिला सहायता केंद्र, डाक कार्यालय और अन्य व्यवस्थाओं को देखा।

उन्होंने परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव, आंकड़े भरने के काम, मुकदमों से जुड़े अभिलेखों को अद्यतन रखने और कार्यालय की व्यवस्थाओं के बारे में संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जानिए फरियादियों के लिए क्या निर्देश दिए

पुलिस आयुक्त ने कोतवाली प्रभारियों को निर्देशित किया कि नागरिक केंद्रित पुलिसिंग को प्राथमिकता देते हुए परिसर में आने वाले आगंतुकों और शिकायतकर्ताओं के साथ मृदु, शालीन और संवेदनशील व्यवहार किया जाए।

उनकी शिकायतों पर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। कहा कि फरियादी को भटकना न पड़े। उसकी शिकायत को ध्यान से सुना जाए, उसे सही जानकारी दी जाए और कार्रवाई की जानकारी भी समय पर दी जाए।

इसके अलावा, परिसर में स्वच्छता, आगंतुकों के लिए उचित प्रतीक्षा व्यवस्था और पुलिसकर्मियों के बैठने की समुचित व्यवस्था बनी रहे। सीसीटीवी की क्रियाशीलता और रिकार्डिंग के सुरक्षित रख-रखाव सहित अन्य व्यवस्थाओं को सुदृढ़ रखा जाए।

गश्त और आपात मदद पर जोर

पुलिस आयुक्त ने समस्त पुलिसकर्मियों को सतर्कता और सजगता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने  और पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी और उत्तरदायित्व की भावना से ड्यूटी करने के निर्देश दिए।

प्रभारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र में गश्त वाहनों की प्रभावी और निरंतर मौजूदगी सुनिश्चित की जाए, जिससे आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत हो।

आपातकालीन सूचनाओं पर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए आमजन को गुणवत्तापूर्ण पुलिस सहायता उपलब्ध कराई जाए। कहा कि नागरिकों का भरोसा ही पुलिस की सबसे बड़ी ताकत है, इसलिए हर शिकायत का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण होना चाहिए।

यह भी पढ़ें- बदायूं: PWD गेस्ट हाउस में चौकीदार की पिटाई पर बिसौली विधायक और सीओ के बीच विवाद, धरने पर बैठे विधायक

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।