बदायूं: PWD गेस्ट हाउस में चौकीदार की पिटाई पर बिसौली विधायक और सीओ के बीच विवाद, धरने पर बैठे विधायक
बदायूं के बिसौली में पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस के चौकीदार से मारपीट के बाद विधायक आशुतोष मौर्य और सीओ अंशुमान श्रीवास्तव के बीच विवाद हो गया।

HighLights
पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस चौकीदार विशाल से हुई मारपीट।
विधायक आशुतोष मौर्य और सीओ अंशुमान श्रीवास्तव में कहासुनी।
पुलिस कार्रवाई में देरी पर विधायक ने दिया धरना।
जागरण संवाददाता, बदायूं। बिसौली स्थित पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में कमरा खोलने को लेकर चौकीदार विशाल के साथ मारपीट का मामला तूल पकड़ गया। आरोप है कि शराब पीने के लिए कमरा खुलवाने पहुंचे कुछ लोगों ने चौकीदार से कमरा खोलने को कहा। उसके मना करने पर दबंगों ने उसके साथ मारपीट कर दी।
घटना की जानकारी मिलने पर बिसौली विधायक आशुतोष मौर्य उर्फ राजू भैया ने सीओ अंशुमान श्रीवास्तव से फोन पर बात कर आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग की। इस पर सीओ ने जांच के बाद कार्रवाई करने की बात कही।
इसी बात को लेकर विधायक और सीओ के बीच कहासुनी हो गई। इसके बाद विधायक पुलिस के खिलाफ पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में ही धरने पर बैठ गए। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस महकमे में हलचल मच गई। बाद में चौकीदार की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की गई।