दिल्ली एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला, 232 यात्रियों से भरी स्विस एयर की फ्लाइट के इंजन में लगी आग; 6 घायल
दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट पर ज्यूरिख जा रही स्विस एयर की उड़ान LX147 के इंजन में टेक-ऑफ के दौरान आग लग गई।
HighLights
आईजीआई एयरपोर्ट पर स्विस एयर के विमान के इंजन में आग लगी।
टेक-ऑफ के दौरान इंजन नंबर 1 में तकनीकी खराबी आई।
आपातकालीन स्लाइड से 232 यात्रियों को निकाला, 6 घायल।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली में इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर शनिवार देर रात एक बड़ा विमान हादसा होते-होते बचा। दिल्ली से ज्यूरिख जा रहे स्विस एयरलाइंस के विमान एयरबस ए330-343 (उड़ान संख्या एलएक्स-147) के टेक आफ के दौरान इंजन में आग लग गई।
उधर, धुआं निकलता देख पायलट ने तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाया। उस समय रफ्तार करीब 190 किमी प्रति घंटा थी और विमान में 232 यात्री व क्रू के 13 सदस्य सवार थे। अफरा-तफरी के बीच सभी को इमरजेंसी स्लाइड के जरिये विमान से निकाला जाने लगा, जिसमें चार यात्री और क्रू का एक सदस्य घायल हो गया।
अग्निशमन विभाग के अनुसार, शनिवार रात 2:06 बजे फुल इमरजेंसी की कॉल मिलते ही पांच फायर टेंडर्स को रनवे पर भेजा गया और करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत व सुरक्षा जांच के बाद 3:30 बजे तक स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में ले लिया गया। यह घटना एयरपोर्ट के रनवे 28/10 की है। विमान रनवे पर टेकऑफ के लिए करीब 190 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से बढ़ रहा था, तभी पायलट ने बाएं इंजन से धुआं निकलते देखा।
टेक ऑफ के समय विमान की इस रफ्तार को इतना अधिक माना जाता है कि पलक झपकते ही बड़ा हादसा हो सकता था। इस गति में चंद सेकेंड बाद ही विमान के हवा में उड़ान भरने की प्रक्रिया शुरू होती है। पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाया। यदि चंद सेकेंड की भी देरी होती तो विमान हवा में होता और आग फैलने की स्थिति में परिणाम भयावह हो सकता था।
बताया कि विमान जैसे ही रुका, पायलट ने एटीसी को अवगत कराते हुए विमान में फुल इमरजेंसी घोषित की। क्रू मेंबर्स ने यात्रियों को इमरजेंसी स्लाइड से उतरने को कहा। अंधेरे और अफरातफरी के बीच निकासी के दौरान चार यात्रियों व क्रू के एक सदस्य को मामूली चोट आई।

फ्लाइट के इंजन में आग लगने से मची अफरा-तफरी। सोशल मीडिया
करीब तीन घंटे तक रनवे रहा बंद, दो दर्जन उड़ानें प्रभावित
हादसे के बाद रनवे 28/10 पर करीब तीन घंटे विमानों की आवाजाही बंद रही। दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (डायल) के लिए चिंता की बात यह थी कि सुबह पांच बजे से एयरपोर्ट पर विमानों के परिचालन के लिहाज से व्यस्त समय शुरू हो जाता है। खराब विमान को रनवे से हटाना उसके लिए प्राथमिकता थी। सूत्रों का कहना है कि रनवे बंद रहने से करीब दो दर्जन उड़ानें प्रभावित हुईं।
जन में खराबी या आग की पहले हो चुकीं घटनाएं
- मार्च 2026: विशाखापत्तनम से दिल्ली आ रहे इंडिगो विमान का इंजन फेल हो गया।
- जनवरी: पेरिस से दिल्ली आ रहे विमान के इंजन में तकनीकी खराबी के कारण उसे कजाकिस्तान डायवर्ट करना पड़ा।
- अक्टूबर 2025: दुबई से कोच्चि आ रहे स्पाइसजेट विमान के इंजन से धुआं निकलने की सूचना मिली।
- अगस्त: दिल्ली से मुंबई जा रहे इंडिगो के एक विमान के इंजन में ‘मिड-एयर’ (हवा में) तकनीकी खराबी के बाद चिंगारियां देखी गईं।
यह भी पढ़ें- दिल्ली एयरपोर्ट एक करोड़ और विदेशी यात्रियों के लिए तैयार, सेल्फ-बैगेज ड्रॉप समेत मिलेंगी कई स्मार्ट सेवाएं
