दिल्ली एयरपोर्ट एक करोड़ और विदेशी यात्रियों के लिए तैयार, सेल्फ-बैगेज ड्रॉप समेत मिलेंगी कई स्मार्ट सेवाएं
डायल ने घोषणा की है कि मई के पहले सप्ताह से इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 का पियर-सी अंतरराष्ट्रीय ...और पढ़ें

दिल्ली एयरपोर्ट पर सालाना विदेश यात्रियों की संख्या बढ़ जाएगी। फोटो: आर्काइव
HighLights
मई से टर्मिनल 3 का पियर-सी अंतरराष्ट्रीय परिचालन शुरू करेगा
अंतरराष्ट्रीय यात्री क्षमता में 50 प्रतिशत की भारी वृद्धि होगी
आधुनिक सुविधाएं जैसे सेल्फ-बैगेज, इमिग्रेशन काउंटर जोड़े गए
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (IGI) से विदेश यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। डायल ने घोषणा की है कि टर्मिनल-3 का पियर-सी मई के पहले सप्ताह से अंतरराष्ट्रीय परिचालन शुरू कर देगा। इस बदलाव से आइजीआइ एयरपोर्ट की अंतरराष्ट्रीय यात्री क्षमता में 50 प्रतिशत की भारी बढ़ोतरी होगी।
सालाना एक करोड़ अतिरिक्त यात्री संभाल सकेगा एयरपोर्ट
अभी तक घरेलू उड़ानों के लिए इस्तेमाल होने वाले पियर-सी को अब पूरी तरह अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार कर लिया गया है। इस विस्तार के बाद टर्मिनल-3 की अंतरराष्ट्रीय क्षमता सालाना 10 मिलियन (एक करोड़) बढ़कर कुल 30-32 मिलियन यात्री प्रति वर्ष हो जाएगी।
डायल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विदेह कुमार जयपुरियार ने कहा कि यह कदम दिल्ली को एक ग्लोबल हब बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।
यात्रियों की सुविधा के लिए आधुनिक अपग्रेड
- लंबी लाइनों और भीड़भाड़ से निजात दिलाने के लिए पियर-सी में कई अत्याधुनिक सुविधाएं जोड़ी गई हैं।
- चेक-इन के लिए इसमें 12 नए सेल्फ-बैगेज ड्राॅप काउंटर लगाए गए हैं।
- इमिग्रेशन में सुविधा हो, इसके लिए प्रस्थान के लिए 20 नए काउंटर शुरू किए।
- आगमन के लिए 40 अतिरिक्त ब्यूरो आफ इमिग्रेशन काउंटर शुरू किए गए।
- सुरक्षा जांच को तेज करने के लिए 5 ऑटोमैटिक ट्रे रिट्रीवल सिस्टम और ड्यूल-व्यू एक्स-रे मशीनें लगाई गई।
- बोर्डिंग में आसानी के लिए 16 बोर्डिंग गेट्स को अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए बदला गया है।
बड़े विमानों के लिए बढ़ी जगह
इस अपग्रेड से एयरबस A350 जैसे बड़े विमानों के लिए स्टैंड की उपलब्धता में 40 प्रतिशत की वृद्धि होगी। इससे अंतरराष्ट्रीय एयरलाइनों को अपने बड़े विमान दिल्ली से संचालित करने में आसानी होगी और विमानों के टर्नअराउंड समय में भी कमी आएगी।
शापिंग और खान-पान का नया अनुभव
पियर-सी में यात्रियों के लिए लग्जरी ब्रांड्स, अंतरराष्ट्रीय फूड चेन, लाउंज जैसी सुविधाएं चरणबद्ध तरीके से शुरू की जाएंगी। अधिकारियों के अनुसार, यह विस्तार अगले आठ से 10 वर्षों की अंतरराष्ट्रीय ट्रैफिक जरूरतों को पूरा करने के लिए पर्याप्त है।
