विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Swiss Air Accident: 'वह चंद सेकेंड...', यात्री ने बताया विमान हादसे का आंखों देखा हाल, पायलट की सूझबूझ को सराहा

Published: Mon, 27 Apr 2026 05:37 AM (IST)

दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट पर स्विस एयरलाइंस के विमान में इंजन धमाके के बाद केबिन में धुआं भर गया, जिससे ...और पढ़ें

विमान से निकलते यात्री। (वीडियो ग्रैब)

विमान से निकलते यात्री। (वीडियो ग्रैब)

HighLights

  1. स्विस एयर विमान में इंजन धमाका, धुआं भरा।

  2. पायलट ने 232 यात्रियों की जान बचाई।

  3. ग्राउंड स्टाफ के समन्वय पर उठे सवाल।

गौतम कुमार मिश्रा, नई दिल्ली। आइजीआइ एयरपोर्ट पर शनिवार देर रात स्विस एयरलाइंस के विमान में हुआ हादसा किसी हारर फिल्म के सीन से कम नहीं था। रनवे पर दौड़ते विमान में अचानक हुए धमाके और केबिन में भरते धुएं ने यात्रियों की सांसें अटका दीं।

इस पूरी घटना का आंखों देखा हाल विमान में सवार यात्री आकर्ष ने एक्स पर साझा किया है, जिसमें उन्होंने पायलट की बहादुरी और एयरपोर्ट के ग्राउंड आपरेशंस में समन्वय की कमी, दोनों की बात लिखी है।

104 नाट की रफ्तार और वो भयानक धमाका 

 

यात्री आकर्ष के मुताबिक, विमान ज्यूरिख के लिए उड़ान भरने ही वाला था। रनवे पर रफ्तार 104 नाट (करीब 190 किमी/घंटा) तक पहुंच चुकी थी, यानी विमान टेकआफ के बेहद करीब था। तभी अचानक एक जोरदार धमाका हुआ।

आकर्ष बताते हैं कि विमान की रफ्तार बढ़ रही थी कि तभी एक तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। पायलटों ने तुरंत पूरी ताकत से ब्रेक लगाए। विंग के पास बैठे यात्री चिल्लाने लगे कि इंजन में आग लग गई है।

जब केबिन में भरने लगा धुआं 

ब्रेक लगने के कुछ ही पलों के भीतर विमान के केबिन में धुआं भरने लगा। स्थिति की गंभीरता देखते हुए क्रू मेंबर्स ने चिल्लाकर कमांड दी, ''इवैक्युएट'' (विमान खाली करो)। इसके बाद इमरजेंसी स्लाइड खोली गई। आकर्ष ने बताया कि वह चंद सेकंड का समय ही जिंदगी और मौत के बीच का फासला था।

ग्राउंड रिस्पांस पर उठाया सवाल 

आकर्ष ने अपनी पोस्ट में एयरलाइंस के क्रू और पायलटों के प्रति सम्मान व्यक्त किया, जिनकी तत्परता ने 232 जानें बचा लीं। लेकिन उन्होंने एयरपोर्ट के ग्राउंड स्टाफ और मैनेजमेंट की आलोचना की। इन्होंने कहा कि सुरक्षित बाहर निकलने के बाद यात्री काफी देर तक रनवे और एयरपोर्ट पर बिना किसी जानकारी के खड़े रहे।

बड़ी संख्या में मैनपावर होने के बावजूद जमीन पर कोई तालमेल नहीं दिखा। आकर्ष लिखते हैं कि इस पूरे प्रकरण में राहत की बात यह रही कि एयरलाइंस ने यात्रियों के दर्द को समझते हुए री-बुकिंग और उड़ानों को रिशेड्यूल करने का काम तेजी से किया, जिससे यात्रियों को थोड़ी राहत मिली।

पूरी रही तत्परता - डायल

आकर्ष द्वारा किए गए पोस्ट पर डायल ने असहमति जताते हुए कहा कि एयरपोर्ट प्रबंधन ने इस मामले में पूरी तत्परता दिखाई। सभी एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल रहा।

यह बेहतर तालमेल ही था कि स्विस एयर के यात्रियों के लिए अलग से एक विशेष इमिग्रेशन काउंटर खोला गया, ताकि उनकी इमिग्रेशन से जुड़ी प्रक्रिया जल्द हो और वे एयरपोर्ट से निकलकर होटल या अन्य जगहों पर जा सकें। यात्रियों को टर्मिनल तक लाने के लिए जितनी जल्दी हुआ, बस का प्रबंध किया गया।

हालिया विमान इंजन खराबी की घटनाएं (2025-2026)

  • मई 2025: बेंगलुरु से कोच्चि जा रहे एयर इंडिया एक्सप्रेस के विमान के इंजन में उड़ान भरने के तुरंत बाद आग लग गई।
  • अगस्त 2025: दिल्ली से मुंबई जा रहे इंडिगो के एक विमान के इंजन में मिड-एयर (हवा में) तकनीकी खराबी के बाद चिंगारियां देखी गईं।
  • अक्टूबर 2025: दुबई से कोच्चि आ रहे स्पाइसजेट के विमान के इंजन से धुआं निकलने की सूचना मिली।
  • जनवरी 2026: पेरिस से दिल्ली आ रही उड़ान के इंजन में तकनीकी खराबी के कारण उसे बीच रास्ते (कजाकिस्तान) में डायवर्ट करना पड़ा।
  • मार्च 2026: विशाखापत्तनम से दिल्ली आ रहे इंडिगो विमान का इंजन फेल हो गया।