विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पराली, अलसी और केले के तने से बना इको-फ्रेंडली कपड़ा, ट्रेड फेयर में दिखी खास तकनीक; किसानों की बढ़ेगी आय

Published: Thu, 26 Nov 2026 10:48 PM (IST)

पराली, अलसी और केले के तने जैसे कृषि अपशिष्ट से अब 100% पर्यावरण अनुकूल कपड़े बनाए जा रहे हैं। यह तकनीक वायु प्रदूषण कम करने, कपड़ा उद्योग को कच्चा माल देने और किसानों की आय बढ़ाने में सहायक है।

छत्तीसगढ़ पवेलियन में कृषि अवशेषों से बनाए कपड़ों के साथ डाॅ. करण चंद्राकर। फोटो: जागरण

छत्तीसगढ़ पवेलियन में कृषि अवशेषों से बनाए कपड़ों के साथ डाॅ. करण चंद्राकर। फोटो: जागरण

संजीव गुप्ता, नई दिल्ली। जिस पराली को खेतों में जलाने से वायु प्रदूषण बढ़ता है, वही अब कपड़ा उद्योग का कच्चा माल बन रही है। धान की पराली, अलसी के अवशेष और केले के तने से प्राकृतिक फाइबर तैयार कर कपड़े बनाए जा रहे हैं।

भारत मंडपम में चल रहे 45वें अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में इस तकनीक से बने उत्पाद आकर्षण का केंद्र हैं।

पराली से धागा, फिर तैयार हो रहा कपड़ा

अब तक पराली को दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण की बड़ी वजहों में गिना जाता रहा है। फसल कटाई के बाद खेतों में बचने वाले अवशेष को किसान अक्सर जला देते हैं। इससे निकलने वाला धुआं हवा को प्रदूषित करता है।

लेकिन अब इसी पराली को उपयोगी उत्पाद में बदलने की पहल हो रही है। धान की पराली और अलसी के पौधों से निकलने वाले अवशेषों को पहले प्राकृतिक रेशों में बदला जाता है।

इन रेशों से धागा और फिर कपड़ा तैयार किया जाता है। इस तरह खेतों में बेकार समझा जाने वाला कृषि अपशिष्ट कपड़ा उद्योग के लिए कच्चा माल बन रहा है।

केले के तने से भी बनेगा फाइबर

छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले की एग्रोफैब सस्टेनेबल प्राइवेट लिमिटेड इस दिशा में काम कर रही है। स्टार्टअप के प्रमुख डॉ. करण ने बताया कि कंपनी धान की पराली, अलसी के अवशेष और केले के तने से फाइबर तैयार करने पर काम कर रही है।

कंपनी के अनुसार, इस तकनीक से तैयार कपड़ों और उत्पादों को 100 प्रतिशत पर्यावरण अनुकूल बताया जा रहा है। भारत मंडपम में चल रहे व्यापार मेले में इन उत्पादों को प्रदर्शित किया गया है। डॉ. करण ने बताया कि स्टार्टअप को मेले में अच्छा रिस्पांस मिल रहा है।

किसानों के लिए कमाई का नया जरिया

कृषि अपशिष्ट से फाइबर तैयार करने की तकनीक पराली प्रबंधन के साथ कपड़ा उद्योग के लिए भी नई संभावना पेश करती है। इससे पारंपरिक रेशों और सिंथेटिक सामग्री पर निर्भरता के विकल्प तलाशे जा सकते हैं।

अगर कृषि अवशेष के लिए कपड़ा उद्योग में व्यावसायिक बाजार विकसित होता है तो किसानों के लिए पराली और दूसरे अवशेष केवल निपटाने की समस्या नहीं रहेंगे। इनके जरिए ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और किसानों की अतिरिक्त आय के अवसर भी पैदा हो सकते हैं।

यह भी पढ़ें- दिल्ली-NCR से बिहार जाने वालों के लिए खुशखबरी, पटना-दरभंगा समेत 18 रूटों पर अब सालभर चलेंगी बसें

यह भी पढ़ें- दिल्ली-NCR को क्रिसमस गिफ्ट, 25 दिसंबर को खुलेगा दनकौर इंटरचेंज; 2 एक्सप्रेसवे जुड़ने से 20 किमी चक्कर खत्म

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।