विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली-NCR को क्रिसमस गिफ्ट, 25 दिसंबर को खुलेगा दनकौर इंटरचेंज; 2 एक्सप्रेसवे जुड़ने से 20 किमी चक्कर खत्म

Published: Thu, 26 Nov 2026 07:08 PM (IST)

दनकौर इंटरचेंज 25 दिसंबर को आम जनता के लिए खुल जाएगा, जो यमुना एक्सप्रेसवे और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे को जोड़ेगा। इससे 20 किमी का अतिरिक्त फेर खत्म होगा।

नोएडा में दनकौर इंटरचेंज से दिल्ली एनसीआर की कनेक्टिविटी बदल जाएगी। फोटो: एआई जनरेटेड

नोएडा में दनकौर इंटरचेंज से दिल्ली एनसीआर की कनेक्टिविटी बदल जाएगी। फोटो: एआई जनरेटेड

HighLights

  1. दनकौर इंटरचेंज 25 दिसंबर को आम जनता के लिए खुलेगा।

  2. यमुना और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे आपस में जुड़ जाएंगे।

  3. जेवर एयरपोर्ट और एनसीआर की कनेक्टिविटी सुधरेगी, ट्रैफिक घटेगा।

धर्मेंद्र चंदेल, नोएडा। यमुना एक्सप्रेसवे और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे को जोड़ने वाला बहुप्रतीक्षित दनकौर इंटरचेंज आखिरकार 25 दिसंबर को आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा।

नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने कम समय में इसका निर्माण पूरा किया है। पंद्रह ट्रायल के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसका विधिवत उद्घाटन करेंगे।

लंबे समय से इस इंटरचेंज के चालू होने का इंतजार किया जा रहा था। इसके शुरू होते ही ग्रेटर नोएडा ही नहीं, बल्कि समूचे एनसीआर के शहरों को सीधा लाभ मिलेगा।

यमुना एक्सप्रेसवे और पेरिफेरल एक्सप्रेसवे आपस में जुड़ जाएंगे। अभी तक दोनों का सीधा कनेक्शन न होने से वाहन चालकों को सिरसा टोल पर उतरकर सर्विस रोड और ग्रामीण रास्तों से होकर जाना पड़ता था। करीब 15 से 20 किमी का अतिरिक्त फेर लगता था। अब स्थिति बदल जाएगी।

आगरा-मथुरा से पलवल-फरीदाबाद जाना होगा आसान

यमुना एक्सप्रेसवे से पेरिफेरल पर आना आसान हो जाएगा। आगरा-मथुरा से आने वाला ट्रैफिक सीधे पलवल-फरीदाबाद-गाजियाबाद की तरफ निकल जाएगा, उसे शहर में घुसना ही नहीं पड़ेगा।

सोनीपत तक के यात्रियों को एयरपोर्ट आने में आसानी

सबसे बड़ा फायदा जेवर के नरेन्द्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट को होगा। अब तक पेरिफेरल से यमुना एक्सप्रेसवे पर आने के लिए लंबा घूमकर जाना पड़ता था।

इंटरचेंज खुलने के बाद पेरिफेरल से सीधे यमुना एक्सप्रेसवे पर चढ़कर कुछ ही मिनटों में एयरपोर्ट पहुंचा जा सकेगा। इससे यात्रियों की संख्या भी बढ़ जाएगी।

गाजियाबाद, हापुड़, बागपत, मेरठ, अमरोहा, मुरादाबाद, पलवल, फरीदाबाद, सोनीपत आदि शहरों से लोग पेरिफेरल के जरिए कम समय में अब सीधे यमुना एक्सप्रेसवे पर आकर एयरपोर्ट पहुंच सकेंगे। इसका लाभ एयरलाइंसों को होगा। यात्रियों की संख्या बढ़ने से उनको लाभ होगा।

यमुना सिटी की कनेक्टिविटी सीधे पेरिफेरल से जुड़ेगी

यमुना सिटी के लोगों के लिए यह इंटरचेंज वरदान साबित होगा। अब यमुना सिटी की कनेक्टिविटी सीधे पेरिफेरल एक्सप्रेसवे से जुड़ जाएगी। इंटरचेंज को यमुना सिटी की 60 मीटर चौड़ी सड़क से जोड़ा गया है।

इससे यमुना सिटी से एनसीआर के किसी भी शहर में जाना बेहद आसान हो जाएगा। साथ ही यमुना सिटी में प्रॉपर्टी और निवेश को भी नई रफ्तार मिलेगी।

इंटरचेंज की स्थिति

  • 11 किमी के 4 लूप
  • 8 रैंप प्लाजा
  • 400 करोड़ की लागत

शहर के अंदर के ट्रैफिक को भी मिलेगी राहत

शहर के अंदर से जाने वाला ट्रैफिक भी अब सीधे इस इंटरचेंज से पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर पहुंच सकेगा। इससे ग्रेटर नोएडा, दनकौर, जेवर और आसपास के कस्बों की अंदरूनी सड़कों पर दबाव कम होगा।

परी चौक पर लगने वाला जाम कम होगा। जब भारी वाहन और लंबी दूरी का ट्रैफिक शहर के बाहर-बाहर निकल जाएगा, तो शहर में जाम की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी।

वाहनों को बार-बार ब्रेक और एक्सीलेटर नहीं देना पड़ेगा, जिससे ईंधन की बचत होगी और प्रदूषण भी कम होगा।

इंटरचेंज का निर्माण एनएचएआई द्वारा कराया गया है। सात दिसंबर तक निर्माण पूरा हो जाएगा। ट्रायल के लिए 25 दिसंबर को चालू कर दिया जाएगा। आम जनता इससे पेरिफेरल एक्सप्रेसवे और यमुना एक्सप्रेसवे पर आ-जा सकेगी।

Santosh Yadav

- संतोष यादव, चेयरमैन, एनएचएआई

यह भी पढ़ें- नोएडा में जल्द दौड़ेंगी 100 इलेक्ट्रिक बसें, सेक्टर-82 टर्मिनल से चलाई जाएंगी; चार्जिंग डिपो की तैयारी तेज


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।