विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नोएडा में जल्द दौड़ेंगी 100 इलेक्ट्रिक बसें, सेक्टर-82 टर्मिनल से चलाई जाएंगी; चार्जिंग डिपो की तैयारी तेज

Published: Wed, 25 Nov 2026 07:26 PM (IST)

नोएडा को जल्द ही 100 इलेक्ट्रिक बसें मिलेंगी, जिनका संचालन सेक्टर-82 स्थित सिटी बस टर्मिनल से होगा। इन बसों के रखरखाव और चार्जिंग स्टेशन के लिए भूमि आवंटन पर 26 नवंबर को एक महत्वपूर्ण बैठक होगी।

नोएडा में जल्द ही चलाई जाएंगी 100 इलेक्ट्रिक बसें। फोटो:एआई जनरेटेड

नोएडा में जल्द ही चलाई जाएंगी 100 इलेक्ट्रिक बसें। फोटो:एआई जनरेटेड

HighLights

  1. नोएडा को जल्द मिलेंगी 100 नई इलेक्ट्रिक बसें।

  2. सेक्टर-82 सिटी बस टर्मिनल से होगा बसों का संचालन।

  3. चार्जिंग स्टेशन, डिपो भूमि आवंटन पर होगी अहम बैठक।

कुंदन तिवारी, नोएडा। शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नोएडा को जल्द ही 100 इलेक्ट्रिक बसें मिलने जा रही हैं। ग्रॉस कॉस्ट कॉन्ट्रैक्ट (जीसीसी) मॉडल के तहत मिलने वाली इन बसों का संचालन सेक्टर-82 स्थित सिटी बस टर्मिनल से किया जाएगा।

सेक्टर-82 टर्मिनल से चलेंगी 100 बसें

उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान टर्मिनल को 100 बसों के संचालन के लिहाज से छोटा बताया था। इसके बावजूद नोएडा प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल संचालन के लिए कोई दूसरा विकल्प उपलब्ध नहीं है।

इसलिए बसें इसी टर्मिनल से चलाई जाएंगी। बसों के रखरखाव के लिए मेंटेनेंस डिपो और चार्जिंग स्टेशन बनाने की तैयारी भी की जा रही है।

इनके निर्माण के लिए भूमि आवंटन में हो रही देरी पर चर्चा के लिए नगरीय परिवहन निदेशालय ने 26 नवंबर को शाम चार बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक बुलाई है। इससे पहले 23 नवंबर को प्रस्तावित बैठक अपरिहार्य कारणों से स्थगित कर दी गई थी।

भूमि आवंटन पर 26 नवंबर को होगी बैठक

बैठक में नोएडा और यमुना प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारियों सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों को शामिल होने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को परियोजना से जुड़ी सूचनाओं और अभिलेखों के साथ बैठक में प्रतिभाग करना होगा।

भूमि आवंटन और परियोजना के क्रियान्वयन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा के बाद आगे की दिशा तय होने की उम्मीद है। प्रदेश के 18 शहरों में जीसीसी मॉडल पर कुल 1725 इलेक्ट्रिक सिटी बसें चलाने का प्रस्ताव है।

इनमें 1225 बसें सामान्य योजना के तहत और 500 बसें विश्व बैंक से वित्तपोषित यूपीसीएएमपीए परियोजना के अंतर्गत संचालित की जानी हैं। इनके लिए भी मेंटेनेंस डिपो और चार्जिंग स्टेशन बनाए जाने हैं।

नोएडा में 100 बसें आने से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन सुविधा बढ़ने की उम्मीद है। हालांकि बसों के संचालन के लिए सेक्टर-82 टर्मिनल की क्षमता और डिपो व चार्जिंग स्टेशन के लिए भूमि की उपलब्धता अहम होगी।

- एमपी सिंह, महाप्रबंधक

यह भी पढ़ें- नोएडा एयरपोर्ट के विस्तार से जेवर के 500 परिवारों के घर और 300 दुकानों पर खतरा, ग्रामीण बोले- हमारे घर न उजाड़ें


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।