नोएडा एयरपोर्ट के विस्तार से जेवर के 500 परिवारों के घर और 300 दुकानों पर खतरा, ग्रामीण बोले- हमारे घर न उजाड़ें
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के विस्तार से विस्थापितों के पुनर्वास हेतु भूमि अधिग्रहण पर ग्रामीणों ने गंभीर आपत्ति जताई है। उनका आरोप है कि इससे 500 परिवारों के घर और 300 दुकानों पर संकट आ जाएगा।
-1783435412676-1795611328309-1795611337293_m.webp)
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के विस्तार से विस्थापित परिवारों के पुनर्वास के लिए प्रस्तावित भूमि अधिग्रहण योजना पर जताई आपत्ति। एआई इमेज
HighLights
ग्रामीणों ने नोएडा एयरपोर्ट विस्तार के लिए भूमि अधिग्रहण पर आपत्ति जताई।
500 परिवारों के घर और 300 दुकानों पर संकट का आरोप।
आबादी भूमि को अधिग्रहण से मुक्त रखने की मांग की गई।
जागरण संवाददाता, जेवर (ग्रेटर नोएडा)। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के विस्तार से विस्थापित परिवारों के पुनर्वास के लिए प्रस्तावित भूमि अधिग्रहण पर ग्रामीणों ने लोक सुनवाई के दौरान गंभीर आपत्ति दर्ज कराई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि विस्थापितों को बसाने के लिए उनकी वर्षों पुरानी आबादी उजाड़ने की तैयारी की जा रही है। इससे करीब 500 परिवारों के 2000 से 2500 लोग बेघर हो जाएंगे।
आबादी वाली भूमि को अधिग्रहण से मुक्त रखने की मांग
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि प्रशासन के कुछ फैसलों के चलते 250 से 300 दुकानों पर भी संकट खड़ा होगा। ग्रामीणों ने अपर जिलाधिकारी (भू-अध्याप्ति) को लिखित शिकायत देकर आबादी भूमि को अधिग्रहण से मुक्त रखने की मांग की।
इन ग्रामों पर पड़ेगा व्यापक असर
सादुल्लापुर उर्फ माॅडलपुर, मंगरौली, अलावलपुर, नीमका शाहजहांपुर, अहमदपुर उर्फ चौरौली और जेवर बांगर के भू-स्वामियों ने अपनी आपत्ति में कहा कि कई परिवार आजादी से पहले से संबंधित आबादी में रह रहे हैं। सादुल्लापुर उर्फ माॅडलपुर में करीब 33 हेक्टेयर भूमि पर आबादी बसी है।
'मकान और रोजगार दोनों छिनने का खतरा'
"अधिग्रहण के तीन अलग-अलग ड्राफ्ट तैयार किए गए, लेकिन मौके पर भौतिक सत्यापन किए बिना नक्शे बना दिए गए। कई भूखंड वर्ष 2008 में ही आबादी घोषित हो चुके हैं। यहां मकानों के अलावा बाग, स्कूल और मंदिर भी हैं। खुर्जा रोड, मंगरौली रोड और सर्दिस रोड पर 250 से 300 दुकानें संचालित हैं, जिनसे परिवारों की आजीविका चलती है। आबादी अधिग्रहित होने से मकान और रोजगार दोनों छिनने का खतरा है।"
-जेपी शर्मा, पूर्व ग्राम प्रधान मंगरौली।
लोक सुनवाई में डीएम को बुलाने की मांग
पूर्व ग्राम प्रधान ने कहा कि करीब 45 हेक्टेयर आबादी भूमि के बदले 540 हेक्टेयर कृषि भूमि अधिग्रहित करने का विकल्प दिया। इसके लिए अलावलपुर, अहमदपुर चौरौली व अन्य गांवों की कृषि भूमि पर विचार करने एवं मंगरौली गांव में 27 नवंबर को होने वाली लोक सुनवाई में जिलाधिकारी को बुलाने की मांग की।
अधिग्रहण की कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी
ग्रामीणों ने पूर्व की पुनर्वास योजनाओं का हवाला देते हुए कहा कि पहले आबादी भूमि का अधिग्रहण नहीं किया गया था। इस बार भी आबादी को इससे बाहर रखे जाने की मांग की है। अधिकारियों ने कहा कि उनकी लिखित आपत्तियों का निस्तारण करते हुए अधिग्रहण की कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी।