दिल्ली-NCR से बिहार जाने वालों के लिए खुशखबरी, पटना-दरभंगा समेत 18 रूटों पर अब सालभर चलेंगी बसें
दिल्ली और बिहार के बीच 18 मार्गों पर नियमित अंतरराज्यीय बस सेवाएं शुरू करने की तैयारी है, जिसके लिए दोनों राज्य परिवहन समझौते पर हस्ताक्षर करेंगे।

दिल्ली से बिहार के लिए बसें चलने से 20 लाख लोगों को फायदा होगा। फोटो: सांकेतिक
HighLights
दिल्ली-बिहार के बीच 18 नए अंतरराज्यीय बस मार्ग शुरू होंगे।
दोनों राज्य सरकारों के बीच पारस्परिक परिवहन समझौता होगा।
त्योहारों पर दिल्ली-बिहार के लाखों यात्रियों को मिलेगी राहत।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली और बिहार के बीच सालभर नियमित अंतरराज्यीय बस सेवाएं शुरू करने की तैयारी है। दोनों राज्य सरकारें 18 मार्गों पर बसों के संचालन के लिए पारस्परिक परिवहन समझौते पर हस्ताक्षर करेंगी।
इससे दिल्ली में रह रहे बिहार और पूर्वांचल मूल के करीब 15 से 20 लाख लोगों को लाभ मिलने की उम्मीद है। खासकर दीपावली और छठ जैसे त्योहारों के दौरान घर जाने के लिए बसों की कमी और भारी भीड़ की समस्या से राहत मिलेगी।
18 मार्गों पर चलेंगी नियमित बसें
प्रस्तावित समझौते के तहत दिल्ली को बिहार के अररिया, भागलपुर, बक्सर, दरभंगा, पूर्वी चंपारण, गया, किशनगंज, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, नवादा, पटना और पूर्णिया समेत विभिन्न शहरों से जोड़ा जाएगा।
प्रत्येक मार्ग पर दिल्ली और बिहार, दोनों राज्यों को 12-12 परमिट देने का प्रावधान है। बसों के समय और परिचालन कार्यक्रम को दोनों सरकारें आपसी सहमति से तय करेंगी।
त्योहारों पर यात्रियों को मिलेगी राहत
दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि यह पहल विशेष रूप से दिल्ली में रह रहे पूर्वांचल के लोगों के लिए बड़ी राहत होगी। त्योहारों और व्यस्त यात्रा सीजन में उन्हें आवागमन की परेशानियों से निजात मिलेगी। आने वाले वर्षों में इन सेवाओं का विस्तार भी किया जाएगा।
149 बसों की व्यवस्था कर रहा बिहार
गौरतलब है कि 2026 में दीपावली और छठ के दौरान दिल्ली-बिहार के विभिन्न मार्गों पर करीब 76 बसें चलाई गई थीं। यात्रियों की अच्छी प्रतिक्रिया के बाद अब स्थायी व्यवस्था की तैयारी है।
बिहार राज्य पथ परिवहन निगम ने 75 नॉन-एसी और 74 एसी बसों की व्यवस्था की है। इसके अलावा पीपीपी मॉडल के तहत 150 बसें संचालित करने की योजना है। इस पहल से अंतरराज्यीय सार्वजनिक परिवहन को मजबूती मिलने के साथ पर्यावरण अनुकूल यात्रा विकल्प भी बढ़ेंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।