IGI एयरपोर्ट पर स्पाइसजेट के खिलाफ फूटा यात्रियों का गुस्सा, 7 घंटे लेट हुई बेंगलुरु जाने वाली फ्लाइट
स्पाइसजेट की दिल्ली-बेंगलुरु उड़ान में घंटों की देरी से इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर यात्रियों ने जमकर हंगामा किया।
-1793084765288_m.webp)
दिल्ली-बेंगलुरु स्पाइसजेट उड़ान में भारी विलंब
HighLights
स्पाइसजेट की दिल्ली-बेंगलुरु उड़ान में घंटों की देरी।
यात्रियों ने एयरपोर्ट पर जमकर हंगामा और नारेबाजी की।
एयरलाइन ने परिचालन कारणों से देरी स्वीकार की।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर स्पाइसजेट की उड़ानों में लगातार हो रही देरी को लेकर यात्रियों ने जमकर हंगामा किया। सबसे बुरा हाल दिल्ली से बेंगलुरु जाने वाली उड़ान का रहा।
इस उड़ान को सोमवार दिन में 3:40 बजे रवाना होना था, जिसके लिए यात्री दोपहर 1:00 बजे ही एयरपोर्ट पहुंच गए थे। तय समय बीत जाने के बाद एयरलाइन ने उड़ान का समय बार-बार आगे बढ़ाया और अंततः इसे सीधे रात 11:00 बजे री-शेड्यूल कर दिया।
बोर्डिंग के अंतिम समय पर देरी की सूचना
घंटों इंतजार और एयरलाइन प्रबंधन की तरफ से कोई स्पष्ट जानकारी न मिलने पर यात्रियों का धैर्य जवाब दे गया। परेशान यात्रियों ने बोर्डिंग गेट के पास इकट्ठा होकर एयरलाइन स्टाफ के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कुछ लोग विरोध में वहीं फर्श पर बैठ गए।
यात्रियों का आरोप है कि उन्हें बोर्डिंग के अंतिम समय पर देरी की सूचना दी गई और इतने लंबे इंतजार के बावजूद भोजन-पानी का भी उचित प्रबंध नहीं किया गया।
स्पाइसजेट के प्रवक्ता ने जताया खेद
उधर, स्पाइसजेट के प्रवक्ता ने परिचालन संबंधी कारणों से उड़ान में देरी की बात स्वीकार करते हुए यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद जताया। एयरलाइन ने दावा किया कि प्रभावित यात्रियों को वैकल्पिक विकल्प दिए जा रहे हैं।
