विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली में सीलमपुर थाने के सामने मर्डर, सिगरेट को लेकर विवाद में 20 साल के युवक पर चाकू से 11 वार; 6 आरोपी दबोचे

Published: Wed, 21 Oct 2026 09:24 AM (IST)Updated: Wed, 21 Oct 2026 09:33 AM (IST)

पूर्वी दिल्ली के सीलमपुर में थाने के सामने एक पार्क में सुभान नामक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर ...और पढ़ें

मृतक के शरीर पर चाकू के 11 निशान मिले हैं।

मृतक के शरीर पर चाकू के 11 निशान मिले हैं।

HighLights

  1. सीलमपुर में पार्क में युवक सुभान की हत्या।

  2. शरीर पर चाकू के 11 गहरे घाव मिले।

  3. पुलिस रंजिश के एंगल से जांच कर रही है।

जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। सीलमपुर थाने के सामने बने निगम के पार्क में मंगलवार रात सिगरेट पीने को लेकर हुए विवाद में 20 वर्षीय युवक की चाकू से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान नूर-ए-इलाही निवासी सुभान के रूप में हुई है। उसके शरीर पर चाकू के 11 निशान मिलने की बात सामने आई है।

पुलिस ने मामले में दो नाबालिग समेत छह लोगों को पकड़ा है। वारदात में इस्तेमाल चाकू और आरोपितों के घटना के समय पहने हुए कपड़े भी बरामद किए गए हैं। थाने के ठीक सामने बने पार्क में हुई इस वारदात से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। पार्क में सुरक्षागार्ड की तैनाती भी नहीं है।

 सिगरेट पीने को लेकर शुरू हुआ विवाद

सुभान अपने परिवार के साथ नूर-ए-इलाही में रहता था। वह सीलमपुर मार्केट में निगम के पार्क के पास स्थित कपड़े की दुकान पर कई वर्षों से नौकरी कर रहा था। मंगलवार रात करीब आठ बजे दुकान बंद करने के बाद वह अपने दोस्त मोहसिन के साथ पार्क में बैठा था।

इसी दौरान सिगरेट पीने को लेकर कुछ युवकों से उसका विवाद हो गया। आरोप है कि कहासुनी के बाद युवकों ने सुभान पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए।

अस्पताल में तोड़ा दम

घटना के बाद घायल सुभान को जग प्रवेश चंद्र अस्पताल ले जाया गया। वहां से उसे जेपीसी अस्पताल और फिर गंभीर हालत में जीटीबी अस्पताल रेफर किया गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। अस्पताल से सूचना मिलने के बाद सीलमपुर थाना पुलिस ने जांच शुरू की।

दोस्त मोहसिन ने पुलिस को बताया कि रात करीब नौ बजे वह सुभान के साथ पार्क में सिगरेट पी रहा था। तभी पांच-छह युवकों ने वहां पहुंचकर सिगरेट पीने का विरोध किया। इसी बात को लेकर झगड़ा हुआ और युवकों ने सुभान पर चाकू से हमला कर दिया।

सीसीटीवी फुटेज से पकड़े गए आरोपित

पुलिस टीम ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और अन्य साक्ष्य जुटाए। इसके आधार पर अमन खान उर्फ अरशु (21), अफजल खान (18), अब्दुल मोमिन (18), शोएब मिर्जा (18) और करीब 17 वर्ष के दो नाबालिगों को पकड़ा गया।

पुलिस ने शुरुआत में हत्या के प्रयास समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया था। सुभान की मौत के बाद हत्या की धारा भी जोड़ दी गई है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें- रावण दहन के बाद दिल्ली-NCR की हवा बिगड़ी, दिल्ली का AQI 284 तो गाजियाबाद में बढ़ी चिंता; आगे कैसा रहेगा प्रदूषण?

यह भी पढ़ें- Exclusive: दिल्ली में छठे मेयर चुनाव को मंजूरी, अप्रैल 2027 में चुना जाएगा; क्या वाही को फिर मौका मिलेगा?