सत्य निकेतन हादसे में 7 मौतों के मामले में PG संचालक को झटका, कोर्ट ने खारिज की शुभम त्यागी की जमानत
सत्य निकेतन इमारत ढहने के मामले में पटियाला हाउस कोर्ट ने पीजी संचालक शुभम त्यागी की जमानत याचिका खारिज कर दी है। अदालत ने कहा कि त्यागी ने छात्रों की जान की सुरक्षा से ज्यादा अपने आर्थिक फायदे को प्राथमिकता दी, जिससे सात लोगों की मौत हुई।

दक्षिण दिल्ली के सत्य निकेतन में सितंबर में हुई इमारत गिरने की घटना में सात लोगों की मौत हो गई थी। हादसे के बाद का दृश्य। फाइल फाेटो
HighLights
पीजी संचालक शुभम त्यागी की जमानत याचिका खारिज।
अदालत ने आर्थिक फायदे को सुरक्षा से ऊपर बताया।
सात लोगों की मौत के मामले में सुनवाई जारी।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दक्षिण दिल्ली के सत्य निकेतन में सितंबर में हुई इमारत गिरने की घटना में सात लोगों की मौत के मामले में पटियाला हाउस की सत्र अदालत ने पीजी संचालक शुभम त्यागी को जमानत देने से इनकार कर दिया।
एडिशनल सेशन जज धीरेंद्र राणा ने कहा कि त्यागी ने छात्रों और मजदूरों की जान-सुरक्षा से ज्यादा अपने आर्थिक फायदे को तवज्जो दी। कोर्ट ने कहा कि मैं इस दलील से सहमत नहीं हूं कि आरोपित की घटना में कोई भूमिका नहीं थी। वह छात्रों के लिए पीजी चला रहा था। वह अवैध निर्माण के खतरे को आसानी से भांप सकता था, लेकिन उसने मासूम छात्रों की जान से ऊपर अपने फायदे को रखा।
शिवम त्यागी और सह-आरोपित सुधांशु लवनिश कुमार ने मकान मालिक से इमारत किराए पर लेकर हास्टल डेज नाम से बॉयज पीजी चला रखा था। कोर्ट ने कहा कि किराएदार होने के बाद भी वह संपत्ति के कब्जे और नियंत्रण में था। उसने इमारत की स्ट्रक्चरल सेफ्टी की जांच नहीं की, जबकि बेसमेंट में 10-12 दिन से निर्माण चल रहा था।
कोर्ट ने कहा कि त्यागी खुद कानून का जानकार है, उसे पीजी चलाने के नियम पता होने चाहिए थे। वह छात्रों को खतरे की जानकारी देकर इमारत खाली करा सकता था। कोर्ट ने कहा कि सात कीमती जिंदगियों के लिए जिम्मेदार लोगों को विवेकाधिकार का लाभ नहीं दिया जा सकता और ऐसे मामलों से सख्ती से निपटना होगा।
कोर्ट ने यह भी कहा कि ट्रायल शुरुआती दौर में है और गवाहों को धमकाने की आशंका है। शिवम त्यागी ने 11 सितंबर को सरेंडर किया था। इस हादसे में मलबे से 12 लोगों को निकाला गया था, जिनमें से 7 की मौत हो गई थी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।