सफाईकर्मियों की औसत उम्र महज 63.8 साल, जहरीली गैसें ले रहीं 30 से ज्यादा की जान
एक अध्ययन रिपोर्ट के अनुसार, भारत में सफाईकर्मियों की औसत जीवन प्रत्याशा अन्य पेशों से 11.4 साल कम, यानी 63.8 वर्ष है।

देश की जीडीपी को 1.03% का सालाना नुकसान (AI-Image)
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। देश की स्वच्छता व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालने वाले सफाईकर्मियों की जिंदगी दूसरे पेशों से जुड़े लोगों की तुलना में औसतन 11.4 साल छोटी है। उनकी औसत जीवन प्रत्याशा महज 63.8 वर्ष है।
वहीं, सफाईकर्मियों की मौत के 30.2 प्रतिशत मामले जहरीली गैसों के संपर्क और विषाक्त पदार्थों के कारण होते हैं। यह जानकारी विश्व शौचालय दिवस के अवसर पर मंगलवार को जारी एक अध्ययन रिपोर्ट में आई है।
रेकिट, जागरण पहल और इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट फार पापुलेशन साइंसेज (आइआइपीएस) की ओर से ब्रिजिंग द लाइफ एक्सपेक्टेंसी गैप आफ सैनिटेशन वर्कर्स इन इंडिया शीर्षक से रिपोर्ट जारी की गई। इसमें बताया गया है कि समान शिक्षा और आय वाले कृषि एवं अन्य श्रमिकों की तुलना में भी सफाईकर्मी 9.6 साल कम जीते हैं।
क्या कहती है रिपोर्ट?
रिपोर्ट के अनुसार, इस अंतर के कारण देश को सालाना जीडीपी के लगभग 1.03 प्रतिशत के बराबर आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। चिंताजनक यह भी है कि महज एक प्रतिशत सफाईकर्मी स्वास्थ्य बीमा में योगदान करते हैं।
रेकिट के दक्षिण एशिया के कार्यकारी उपाध्यक्ष गौरव जैन ने कहा कि सफाईकर्मी सार्वजनिक स्वास्थ्य की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, लेकिन उन्हें अपने काम के दौरान स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़े गंभीर जोखिमों का सामना करना पड़ता है।
हार्पिक वर्ल्ड टायलेट कालेज के माध्यम से सफाईकर्मियों को कौशल, सुरक्षा और आजीविका के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। बेहतर परिणाम के लिए प्रशिक्षण के साथ तकनीक और सामाजिक सुरक्षा को भी मजबूत करना जरूरी है।
ठोस कदम उठाने की जरूरत
जागरण पहल के कोषाध्यक्ष समीर गुप्ता ने कहा कि सफाईकर्मी समुदाय के स्वास्थ्य और कल्याण के लिए अनिवार्य हैं, लेकिन उनकी अपनी स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियां अक्सर अनदेखी रह जाती हैं। यह रिपोर्ट इस समस्या के प्रति जागरूकता बढ़ाने और ठोस कदम उठाने के लिए महत्वपूर्ण आधार उपलब्ध कराती है।
रिपोर्ट के मुताबिक, हार्पिक वर्ल्ड टायलेट कालेज के माध्यम से अब तक 2.5 लाख सफाईकर्मियों को 16 घंटे का प्रशिक्षण दिया गया है। इसमें सुरक्षा उपकरणों का इस्तेमाल, स्वास्थ्य और सुरक्षित कार्यप्रणाली शामिल है। अध्ययन में मैनुअल सफाई कम करने, जहरीली गैसों का पता लगाने वाले सेंसर लगाने और स्वास्थ्य बीमा का दायरा बढ़ाने की सिफारिश की गई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।