दिल्ली में बढ़ी फीस न भरने पर 13 विद्यार्थियों के नाम काटने का नोटिस, 26 नवंबर से स्कूल आने पर रोक
मयूर विहार फेज-3 स्थित सलवान पब्लिक स्कूल ने फीस बकाया होने का हवाला देकर 13 विद्यार्थियों को मिड टर्म परीक्षा से पहले स्कूल से निकालने का नोटिस दिया है।

मयूर विहार फेज-तीन स्थित सलवान पब्लिक स्कूल। फोटो: जागरण
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। मिड टर्म परीक्षा से पहले मयूर विहार फेज-तीन स्थित सलवान पब्लिक स्कूल प्रबंधन के फैसले से 13 विद्यार्थियों की पढ़ाई पर संकट खड़ा हो गया है। स्कूल ने फीस बकाया होने का हवाला देते हुए विद्यार्थियों के नाम काटने का नोटिस जारी किया है।
अभिभावकों का आरोप है कि स्कूल प्रबंधन ने मनमाने तरीके से फीस में बढ़ोतरी की है, जबकि इस फीस वृद्धि को शिक्षा निदेशालय से स्वीकृति नहीं मिली है। इसके बावजूद बढ़ी हुई फीस जमा करने का दबाव बनाया जा रहा है और बच्चों को स्कूल से बाहर करने की चेतावनी दी जा रही है।
23 नवंबर को जारी नोटिस
स्कूल प्रबंधन की ओर से 23 नवंबर को जारी नोटिस में अप्रैल 2025 से नवंबर 2026 तक की फीस बकाया होने का हवाला दिया गया है। नोटिस के अनुसार, 26 नवंबर से विद्यार्थियों को स्कूल नहीं भेजने का निर्देश दिया गया है। इससे परीक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है।
अभिभावकों का कहना है कि फीस वृद्धि को लेकर वे पहले भी शिक्षा निदेशालय पहुंचे थे। वहां उन्हें बताया गया था कि बकाया फीस के आधार पर इस तरह विद्यार्थियों के नाम नहीं काटे जा सकते। इसके बावजूद स्कूल प्रबंधन अपने फैसले पर अड़ा हुआ है।
अभिभावकों का आरोप है कि स्कूल ने मनमाने तरीके से फीस बढ़ाई है और अब उसका भुगतान नहीं करने पर बच्चों की पढ़ाई बाधित की जा रही है। उनका कहना है कि परीक्षा से ठीक पहले इस तरह का कदम उठाना बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य और शैक्षणिक भविष्य के साथ खिलवाड़ है। मामले में स्कूल की प्राचार्य रिचा शर्मा कात्याल ने पक्ष जानने की कोशिश की गई पर उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।