दुबई में घर खरीदने का सुनहरा मौका! दिल्ली-मुंबई से बहुत कम है प्रॉपर्टी का दाम; किराए से भी होगी कमाई
दुबई में प्रॉपर्टी की कीमतें दिल्ली और मुंबई से भी कम हैं, जो भारतीय निवेशकों के लिए एक आकर्षक अवसर प्रस्तुत करती हैं। डैन्यूब प्रॉपर्टीज के रिजवान साजन के अनुसार, दुबई में निवेश पर मुंबई से बेहतर रेंटल यील्ड और भविष्य में भारी बढ़ोतरी की संभावना है।

दुबई में प्रॉपर्टी का रेट दिल्ली-मुंबई से कम (AI फोटो)
HighLights
दुबई में प्रॉपर्टी की कीमतें दिल्ली-मुंबई से काफी कम हैं
निवेश पर मुंबई से बेहतर 6.5% रेंटल यील्ड मिलती है
डैन्यूब ने शाहरुख खान के नाम पर नया प्रोजेक्ट लॉन्च किया
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली। बहुत से भारतीय विदेश में जाकर बसने की सोचते हैं। मगर प्रॉपर्टी के रेट के कारण अकसर नहीं जा पाते। मगर क्या आप जानते हैं कि इस समय दुबई में प्रॉपर्टी के रेट दिल्ली-मुंबई से भी कम हैं। जी हां, आपने सही पढ़ा। इस बात की जानकारी हाल ही में दुबई में मौजूद डैन्यूब प्रॉपर्टीज के ओनर रिजवान साजन (जो कि एक भारतीय हैं) ने दी।
दुबई में रियल एस्टेट की कीमतें मुंबई, दिल्ली और दुनिया भर के कई अन्य शहरों की तुलना में कम हैं। हालांकि अगले तीन से पांच वर्षों में वहां प्रॉपर्टी की कीमतों में भारी बढ़ोतरी की काफी संभावना है।
मुंबई की तुलना में आधी से भी कम
डैन्यूब ग्रुप के फाउंडर और चेयरमैन रिजवान साजन ने हाल ही में कहा था कि दुबई में कीमतें मुंबई की तुलना में आधी से भी कम हैं। उन्होंने बताया था कि दुबई में अभी काफी डेवलप होना बाकी है। यहां कीमतें अभी भी बहुत उचित और लोगों की पहुंच में हैं।
कितना है प्रॉपर्टी का रेट?
साजन के अनुसार वहां प्राइम लोकेशन पर 1,000 डॉलर प्रति वर्ग फुट (लगभग 90,000 रुपये प्रति वर्ग फुट) के हिसाब से प्रॉपर्टी मिल सकती है। वहीं मुंबई के बांद्रा जैसे इलाके में प्रॉपर्टी खरीदने पर आपको लगभग 2,00,000 रुपये प्रति वर्ग फुट का रेट पड़ सकता है। यानी दुबई में कीमतें अभी भी मुंबई के मुकाबले बहुत किफायती हैं।
किराए से कमाई
साजन की कंपनी ने डेटा भी पेश किया था, जिसमें भारत, अमेरिका और यूरोप के 14 अलग-अलग शहरों के पॉश इलाकों में प्रॉपर्टी की कीमतों की तुलना की गई। डेटा के अनुसार दुबई में प्रॉपर्टी में निवेश करने पर सालाना 6.5 प्रतिशत तक का रेंटल यील्ड (किराये से होने वाली कमाई) मिल सकता है, जबकि मुंबई में निवेश करने पर यह रिटर्न केवल 3.9 प्रतिशत है।
साजन ने यह भी बताया था कि डेन्यूब के प्रोजेक्ट्स में लगभग 30 प्रतिशत खरीदार भारत से आते हैं और भारतीय खरीदारों का रिस्पॉन्स पहले भी अच्छा था और अभी भी अच्छा है।
डैन्यूब का नया प्रोजेक्ट
इसी महीने 11 नवंबर को डैन्यूब प्रॉपर्टीज ने दुबई में अपने एक रेजिडेंशियल प्रोजेक्ट के लिए बुकिंग शुरू की, जिसका नाम बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान के नाम पर रखा गया। 'शाहरुख्ज रेजिडेंसेज बाय डैन्यूब' नाम वाले प्रोजेक्ट में पेंटहाउस शामिल हैं।
इस प्रोजेक्ट में अपार्टमेंट की शुरुआती कीमत 1.65 मिलियन AED (लगभग 4.2 करोड़ रुपये) है, जिसमें 30:70 का फ्लेक्सिबल पेमेंट प्लान है, जिसके तहत खरीदार निर्माण के दौरान 30 प्रतिशत और फ्लैट मिलने (हैंडओवर) के समय 70 प्रतिशत का भुगतान कर सकते हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।