वो जीनियस सेठ, जिन्होंने भारत को दी पहली रक्षा कंपनी, विमान फैक्ट्री, कार फैक्ट्री और आधुनिक शिपयार्ड; बदल दी देश की तकदीर
आज वालचंद हीराचंद का जन्मदिन है, जिन्होंने भारत की पहली रक्षा कंपनी हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड सहित कई उद्योगों की स्थापना कर देश की तरक्की में अहम योगदान दिया। उन्होंने भारत का पहला आधुनिक शिपयार्ड, विमान और कार फैक्ट्री भी स्थापित की, जिससे देश आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ा।

आज है वालचंद हीराचंद का जन्मदिन (AI फोटो)
HighLights
भारत की पहली रक्षा कंपनी HAL की स्थापना की
पहला आधुनिक शिपयार्ड, विमान और कार फैक्ट्री बनाई
दूरदर्शी उद्योगपति, भारत के औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली। भारत में ऐसे कई कारोबारी हुए, जिन्होंने न सिर्फ अपनी बल्कि देश की तरक्की में भी बहुत अहम योगदान दिया। इन्हीं में से एक रहे हैं वालचंद हीराचंद दोशी (Walchand Hirachand Birthday), जिनका आज जन्मदिन है। उनका भारत की तरक्की में अहम योगदान रहा है, जिनमें देश को पहली डिफेंस कंपनी देना भी शामिल है। आइए जानते हैं कैसा रहा था वालचंद हीराचंद (Walchand Hirachand Success Story) का सफर।
पहली रक्षा कंपनी
23 नवंबर 1882 को जन्मे वालचंद एक भारतीय उद्योगपति और वालचंद ग्रुप के फाउंडर थे। उन्होंने भारत का पहला आधुनिक शिपयार्ड, पहली विमान फैक्ट्री और पहली कार फैक्ट्री स्थापित की। साथ ही उन्होंने मैसूर के शाही परिवार के सदस्य, महाराजा जयाचामाराजेंद्र वाडियार के साथ मिलकर भारत की पहली डिफेंस कंपनी हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड शुरू की, जिसे पहले हिंदुस्तान एयरक्राफ्ट लिमिटेड कहा जाता था।
मैसूर के दीवान सर मिर्जा इस्माइल ने भी इस कंपनी को सहारा दिया था। इन तीन दूरदर्शी लोगों की कोशिशों से ही भारत 1940 के दशक में एयरक्राफ्ट बनाने वाली कंपनी स्थापित कर पाया।
और किन कारोबारों में कमाया नाम?
इसके अलावा वालचंज ने मैन्युफैक्चरिंग कंपनियां, गन्ने के खेत, चीनी मिलें, कन्फेक्शनरी (मिठाई/मिष्ठान) कंपनियां, इंजीनियरिंग कंपनियां और कई अन्य व्यवसाय भी शुरू किए। बता दें कि अपने पिता के बैंकिंग और कपास के फैमिली बिजनेस में कुछ साल बिताने के बाद, वालचंद को उसमें कोई रुचि नहीं रही।
उन्होंने रेलवे के पूर्व क्लर्क लक्ष्मणराव बलवंत फाटक के साथ मिलकर रेलवे निर्माण का काम शुरू किया। बाद में यही साझेदारी 'फाटक-वालचंद प्राइवेट लिमिटेड' बन गई। वालचंद एक सफल रेलवे ठेकेदार साबित हुए, लेकिन वे अन्य व्यावसायिक विचारों के लिए भी हमेशा तैयार रहते थे।
ये थी सबसे बड़ी खासियत
वालचंद अपनी महत्वाकांक्षा और दूरदृष्टि के लिए जाने जाते थे। उनके आलोचकों में से जो लोग थोड़े उदार थे, उन्होंने उन्हें 'सपने देखने वाला' कहा। शायद यही वजह है कि उनकी शुरू की गयी HAL आज लड़ाकू विमान, सिविल एविएशन, हेलीकॉप्टर, अंतरिक्ष के लिए कुछ प्रोडक्ट्स और कई सेगमेंट की एक्सेसरीज बनाती है।
ISRO के लिए खास प्रोडक्ट्स
HAL अपने एक नए डिवीजन के जरिए ISRO के एयरोस्पेस लॉन्च व्हीकल और सैटेलाइट के लिए जरूरी स्ट्रक्चर बना रही है। आज वालचंद के नाम पर एक इंडस्ट्रियल टाउनशिप भी है, जो कि पुणे में स्थित है। इसे वालचंदनगर इंडस्ट्रीज लिमिटेड के लिए हेवी इंजीनियरिंग मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में सबसे बेहतर जाना जाता है।
सरदार पटेल, पीएम मनमोहन और राष्ट्रपति अब्दुल कलाम ने भी की तारीफ
“एक ऐसे देशभक्त उद्योगपति, जिनका जीवन विपरीत परिस्थितियों पर दृढ़ता की जीत का उदाहरण था।” - सरदार वल्लभभाई पटेल, भारत के पहले गृह मंत्री
“वालचंद हीराचंद एक स्वप्नदृष्टा, दूरदर्शी, महान निर्माता और उद्योग जगत के एक बड़े नेता थे। सबसे बढ़कर, वे एक देशभक्त थे और अपने तरीके से, हमारी स्वतंत्रता की लड़ाई में एक प्रेरणादायक नेता थे। मैं उनकी स्मृति को नमन करता हूँ। इससे मुझे यह सीख मिलती है कि विकास और प्रगति की असली प्रेरणा व्यक्ति की रचनात्मकता और उद्यमशीलता होती है।” - डॉ. मनमोहन सिंह, भारत के प्रधानमंत्री (2004 – 2014)
“मेरी राय में, एक शब्द में कहें तो, वालचंद एक रचनात्मक प्रतिभा (क्रिएटिव जीनियस) थे।” - डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम, भारत के पूर्व राष्ट्रपति
ये भी पढ़ें - SG Mart Share: 1 साल में पैसा 3.5 गुना, 6 महीनों में डबल और अब छुआ ऑल टाइम हाई; फंड जुटाने की खबर से 12% से ज्यादा उछला
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।