राष्ट्रीय एकता दिवस पर दौड़ेगी दिल्ली, 'रन फॉर यूनिटी' के कारण कई मार्ग रहेंगे प्रभावित; देखें ट्रैफिक एडवाइजरी
राष्ट्रीय एकता दिवस पर 'रन फॉर यूनिटी' की वजह से आज यानी शनिवार को नई दिल्ली में यातायात व्यवस्था में ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर, एआई जेनरेटेड
HighLights
राष्ट्रीय एकता दिवस पर 'रन फॉर यूनिटी' का आयोजन।
नई दिल्ली में सुबह 3:30 से 9 बजे तक यातायात डायवर्जन।
वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार को आयोजित होने वाली रन फॉर यूनिटी को देखते हुए नई दिल्ली इलाके में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है।
दौड़ के आयोजन के दौरान सुबह 3:30 बजे से करीब नौ बजे तक कई प्रमुख मार्गों और चौराहों पर ट्रैफिक प्रतिबंध और डायवर्जन लागू रहेंगे।
वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की सलाह
दिल्ली यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को इन मार्गों से गुजरने से बचने और वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। रन फॉर यूनिटी मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम के गेट नंबर एक से शुरू होगी।
यहां से प्रतिभागी सी-हेक्सागन की ओर बढ़ेंगे और शाहजहां रोड के सामने वाली रेडियल सड़क से दाईं ओर मुड़कर नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा के पास दौड़ समाप्त करेंगे। आयोजन के दौरान सी-हेक्सागन की ओर आने वाले यातायात को जरूरत के मुताबिक नियंत्रित और डायवर्ट किया जाएगा।
प्रभावित रहेंगे कई मार्ग
भगवान दास रोड, पुराना किला रोड-मथुरा रोड, शेरशाह रोड-मथुरा रोड, डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग-सुब्रमण्यम भारती मार्ग और पांडारा रोड-सुब्रमण्यम भारती मार्ग क्रासिंग पर यातायात प्रभावित रहेगा।
इसके अलावा क्यू-प्वाइंट, मानसिंह रोड और जसवंत सिंह रोड गोलचक्कर, फिरोजशाह रोड-केजी मार्ग क्रॉसिंग और मंडी हाउस-कोपरनिकस मार्ग गोलचक्कर पर भी जरूरत के अनुसार बदलाव किए जाएंगे।
आपातकालीन वाहनों के लिए खुला रहेगा रास्ता
यातायात पुलिस के मुताबिक, मौजूदा स्थिति और प्रतिभागियों की संख्या को देखते हुए क्रॉस ट्रैफिक की अनुमति दी जा सकती है। आपातकालीन वाहनों के लिए रास्ता खुला रखा जाएगा।
वाहन चालकों को ट्रैफिक कर्मियों के निर्देशों का पालन करने, अनधिकृत पार्किंग से बचने और यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर निकलने की सलाह दी गई है।
यह भी पढ़ें- दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण पर डिजिटल निगरानी, CAQM का 'पवन' प्लेटफॉर्म एक क्लिक पर देगा 5 राज्यों का डेटा
यह भी पढ़ें- दिल्ली में टूटा 75 साल पुराना रिकॉर्ड, 1951 के बाद अक्टूबर का सबसे ठंडा दिन रहा; बारिश भी 4 साल में सबसे ज्यादा