दिल्ली में टूटा 75 साल पुराना रिकॉर्ड, 1951 के बाद अक्टूबर का सबसे ठंडा दिन रहा; बारिश भी 4 साल में सबसे ज्यादा
दिल्ली में अचानक मौसम ने करवट ली, जिससे अधिकतम तापमान 75 साल में अक्टूबर के सबसे निचले स्तर 20.7 डिग्री ...और पढ़ें

बारिश के बाद अक्बूबर में 75 साल का रिकॉर्ड टूटा। फोटो: सांकेतिक
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली में शुक्रवार को मौसम ने अचानक करवट ली और दिन में ही सर्दी का अहसास होने लगा। लगातार दूसरे दिन वर्षा और बूंदाबांदी के बीच राजधानी का अधिकतम तापमान गिरकर 20.7 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।
यह 1951 के बाद अक्टूबर का सबसे कम अधिकतम तापमान है। सामान्य से 10.3 डिग्री कम तापमान के कारण लोगों को गर्म कपड़े निकालने पड़े। इस दौरान दिल्ली में चार साल में अक्टूबर की सबसे अधिक एकदिनी वर्षा भी दर्ज की गई।
1951 के बाद अक्टूबर का सबसे कम तापमान
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को दिन भर आसमान में घने बादल छाए रहे और रुक-रुककर वर्षा होती रही। सुबह 8:30 बजे तक पिछले 24 घंटों में 61.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
इसके बाद शाम 5:30 बजे तक 4.2 मिमी अतिरिक्त वर्षा हुई। शुक्रवार की वर्षा अक्टूबर में चार साल का रिकार्ड तोड़ने के साथ 1951 के बाद छठी सबसे अधिक एकदिनी वर्षा रही। इससे पहले नौ अक्टूबर 2022 को 74 मिमी वर्षा हुई थी।
सभी मौसम केंद्रों पर 20.8 डिग्री से नीचे रहा तापमान
मौसम केंद्र | अधिकतम तापमान | सामान्य से कम |
|---|---|---|
सफदरजंग | 20.7 | 10.3 |
पालम | 20.5 | 11.1 |
लोधी रोड | 20.6 | 10.4 |
रिज | 20.8 | 10.1 |
आया नगर | 20.4 | 10.6 |
न्यूनतम तापमान में हालांकि इतनी गिरावट नहीं आई। न्यूनतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक है। पालम में यह 15.4, लोधी रोड में 18, रिज में 16.8 और आया नगर में 17.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वर्षा से हवा साफ, दृश्यता भी घटी
वर्षा के कारण शुक्रवार को एक्यूआई केवल 60 दर्ज किया गया। यह 10 अक्टूबर 2022 के बाद अक्टूबर का सबसे साफ दिन रहा, जब एक्यूआई 44 था। हालांकि, वर्षा और बादलों के बीच दृश्यता भी प्रभावित हुई।
शुक्रवार दोपहर दो बजे दृश्यता घटकर 1015 मीटर रह गई, जबकि गुरुवार इसी समय यह 2500 मीटर थी।
मौसम विभाग ने शनिवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने का पूर्वानुमान जताया है। अधिकतम तापमान 24 और न्यूनतम 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
यह भी पढ़ें- दिल्ली में कैसा रहेगा कल का मौसम, फिर होगी बारिश या निकलेगी धूप? IMD ने जारी किया अपडेट
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।