'गरीबी अपराध का बहाना नहीं', चेन लूटने वाली दो महिलाओं को छह माह की जेल
रोहिणी कोर्ट ने शाहबाद डेयरी लूट मामले में दो महिलाओं, सपना और प्रियंका, को छह-छह माह के कठोर कारावास की सजा सुनाई है।

रोहिणी डिस्ट्रिक्ट कोर्ट की ऑफिशियल वेबसाइट से ली गई तस्वीर।
HighLights
रोहिणी कोर्ट ने दो महिलाओं को छह माह कारावास सुनाया।
न्यायिक मजिस्ट्रेट ने योजनाबद्ध लूट पर सख्त टिप्पणी की।
पुलिस ने 32 दिन में सुनवाई पूरी कर सजा दिलाई।
जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। रोहिणी कोर्ट की न्यायिक मजिस्ट्रेट भारती बेनीवाल ने शाहबाद डेयरी लूट मामले में दो महिलाओं को छह-छह माह के कठोर कारावास की सजा सुनाते हुए टिप्पणी की है कि यह अचानक हुई घटना नहीं थी।
दोनों ने योजनाबद्ध तरीके से महिला के भरोसे का फायदा उठाया और वारदात को अंजाम दिया। गरीबी या आर्थिक परेशानी आपराधिक कृत्य को उचित नहीं ठहरा सकती। प्रत्येक व्यक्ति को बिना किसी भय के सुरक्षित घूमने का अधिकार है।
न्यायिक मजिस्ट्रेट भारती बेनीवाल का फैसला
न्यायिक मजिस्ट्रेट भारती बेनीवाल ने सपना और प्रियंका को दोषी करार दिया है। मुकदमे की सुनवाई महज 32 दिनों में पूरी की गई है। पुलिस के अनुसार, दोनों महिलाओं ने शिकायतकर्ता महिला को बहाने से एक सुनसान स्थान पर बुलाया था। उन्होंने महिला से कहा कि उनकी सास झाड़ियों के पीछे बेहोश पड़ी है और उसे मदद की जरूरत है।
उनकी बातों में आकर महिला वहां पहुंच गई। इसके बाद दोनों ने उसे पकड़ लिया और शारीरिक बल का इस्तेमाल कर उसके गले से सोने की चेन छीन ली। घटना की सूचना मिलते ही शाहबाद डेयरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने लूटी गई सोने की चेन भी बरामद कर ली। मामले में मुकदमा दर्ज किया गया था। अभियोजन पक्ष की ओर से एपीपी प्रमोद कुमार ने मामले की पैरवी की। अदालत ने दोनों दोषियों को सजा सुनाई व साथ ही कानून के अनुसार विचाराधीन अवधि का लाभ देने का भी आदेश दिया।
आउटर-नॉर्थ जिला पुलिस का क्या कहना है?
आउटर-नॉर्थ जिला पुलिस के अनुसार, पिछले छह महीनों में त्वरित सुनवाई और एसआईटी मामलों में यह आठवीं सजा है। पुलिस ने इसे जांच, अभियोजन और न्यायपालिका के बीच बेहतर समन्वय का परिणाम बताया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।