दिल्ली में शराब तस्करी का भंडाफोड़, 22 पेटियों में 1100 क्वार्टर के साथ तस्कर गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस ने केशवपुरम में शराब तस्करी के आरोप में अनिल गुप्ता को गिरफ्तार किया है। उसके पास से चंडीगढ़ में बिक्री के लिए चिह्नित 1100 क्वार्टर शराब बरामद हुई है, और आरोपी के खिलाफ पहले भी मामले दर्ज हैं।

दिल्ली पुलिस। फाइल फोटो - जागरण
HighLights
केशवपुरम पुलिस ने शराब तस्कर अनिल गुप्ता को पकड़ा।
आरोपी से 1100 क्वार्टर चंडीगढ़ की शराब बरामद हुई।
अनिल गुप्ता पर पहले भी आबकारी अधिनियम के मामले दर्ज।
जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। दिल्ली में शराब की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उत्तर-पश्चिम जिला के केशवपुरम थाना पुलिस ने अनिल गुप्ता निवासी चंद्रा क्वार्टर रामपुरा दिल्ली को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने उसके कब्जे से 22 पेटियों में रखे 1100 क्वार्टर शराब बरामद की है। बरामद शराब पर 'फार सेल इन यूटी चंडीगढ़ ओनली' लिखा है।
पुलिस के अनुसार, 25 नवंबर को गश्त के दौरान हेड कॉन्स्टेबल अनीश को रामपुरा स्थित चंद्रा क्वार्टर, गली नंबर छह के पास एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया।
शराब की 22 पेटियां बरामद
पुलिसकर्मी ने तत्परता दिखाते हुए उसे रोककर तलाशी ली। इस दौरान उसके कब्जे से शराब की 22 पेटियां बरामद हुईं। प्रत्येक पेटी में 50 क्वार्टर रखे थे। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 37 वर्षीय अनिल गुप्ता के रूप में हुई है।
केशवपुरम थाने में FIR दर्ज
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी के खिलाफ रानी बाग थाने में दिल्ली आबकारी अधिनियम के तहत पहले से दो मामले दर्ज हैं। इस मामले में केशवपुरम थाने में एफआईआर दर्ज कर ली है।
पुलिस अब शराब की खेप कहां से लाई गई थी और दिल्ली में इसकी आपूर्ति किन लोगों को की जानी थी, इसका पता लगाने में जुटी है।