दिल्ली में खुले में कूड़ा जलाने पर जीरो टाॅलरेंस, निगम आयुक्त ने दिए सख्त निर्देश; रात-दिन होगी निगरानी
दिल्ली नगर निगम ने खुले में कूड़ा जलाने पर जीरो टॉलरेंस नीति अपनाते हुए सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। आयुक्त संजीव खिरवार ने स्वच्छता और प्रदूषण नियंत्रण की समीक्षा कर अधिकारियों को चौबीसों घंटे निगरानी रखने को कहा है।

निगम के जोनल अधिकारियों को चौबीसों घंटे निगरानी रखने और प्रवर्तन अभियान तेज करने के निर्देश दिए गए हैं। एआई इमेज
HighLights
खुले में कूड़ा जलाने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश।
निगम के जोनल अधिकारियों को 24 घंटे निगरानी।
स्वच्छता और प्रदूषण नियंत्रण पर सख्ती बरती जाएगी।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। राजधानी में बढ़ते प्रदूषण और सफाई व्यवस्था को लेकर दिल्ली नगर निगम ने सख्ती बढ़ाने की तैयारी की है। खुले में कूड़ा जलाने की शिकायतों पर अब तत्काल कार्रवाई होगी। इसके लिए निगम के जोनल अधिकारियों को चौबीसों घंटे निगरानी रखने और प्रवर्तन अभियान तेज करने के निर्देश दिए गए हैं। निगम आयुक्त संजीव खिरवार ने बुधवार को स्वच्छता और प्रदूषण नियंत्रण उपायों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को यह निर्देश दिए।
दोबारा कूड़ा जमा न होने दिया जाए
बैठक में सभी अतिरिक्त आयुक्त, जोन के उपायुक्त और निगम के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। आयुक्त ने विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे गहन सफाई अभियान, प्रदूषण कम करने के प्रयासों और फील्ड कंप्लेंट्स ट्रैकिंग सिस्टम (एफसीटीएस) के माध्यम से चिह्नित स्थानों की सफाई की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन स्थानों पर गंदगी की शिकायतें मिल रही हैं, वहां तत्काल सफाई कराई जाए और दोबारा कूड़ा जमा न होने दिया जाए।
नियमित निगरानी और जवाबदेही भी जरूरी
साप्ताहिक बाजारों और प्रत्येक शनिवार को चलाए जाने वाले विशेष सफाई अभियान की भी समीक्षा की गई। आयुक्त ने सूचना, शिक्षा और संचार (आईईसी) गतिविधियों को प्रभावी बनाने पर जोर दिया, ताकि लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा सके। उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था में सुधार के लिए केवल अभियान चलाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि नियमित निगरानी और अधिकारियों की जवाबदेही भी जरूरी है।
क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जाए
आयुक्त ने जन शिकायतों के निस्तारण की स्थिति की समीक्षा करते हुए सभी जोनल उपायुक्तों को शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने को कहा। खुले में बड़े पैमाने पर कूड़ा जलाने की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि निगम इस मामले में जीरो टालरेंस की नीति अपनाएगा। ऐसी शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाए और संबंधित क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जाए।
लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी
इसके अलावा रेलवे लाइनों के किनारे चल रहे सफाई अभियानों की भी समीक्षा की गई। आयुक्त ने जोनल अधिकारियों को संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर इन क्षेत्रों में नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता और प्रदूषण नियंत्रण के प्रयासों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।