लाल किला ब्लास्ट: घटनास्थल पर फिर सजा अतिक्रमण, सुरक्षा जांच से महरूम दिल्ली की 700 पार्किंग
लाल किला ब्लास्ट को एक साल पूरा होने के बाद भी दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल कायम हैं। घटनास्थल ...और पढ़ें

अवैध पार्किंग और अतिक्रमण की शिकार दिल्ली। जागरण
HighLights
अतिक्रमण से अब तक मुक्त नहीं हो सका घटनास्थल
पुलिस चौकी के सामने ही सजी हैं पटरी
700 पार्किंग में वाहनों की जांच और सीसीटीवी व्यवस्था पर उठे सवाल
निहाल सिंह, नई दिल्ली। लाल किला ब्लास्ट को एक साल पूरा हो गया है, लेकिन इस घटना के बाद राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उठे सवाल अब भी कायम हैं। एक साल पहले हुए धमाके ने अतिक्रमण, यातायात प्रबंधन और पार्किंग में खड़े वाहनों की सुरक्षा जांच की खामियों को उजागर किया था।
इसके बावजूद इन व्यवस्थाओं में कोई बड़ा बदलाव नजर नहीं आ रहा है। घटनास्थल के आसपास अब भी अतिक्रमण है और शहर की अधिकांश पार्किंग में वाहन बिना किसी जांच के खड़े हो रहे हैं।
इतना ही घटनास्थल के सामने पुलिस और एमसीडी की मिलीभगत के चलते यहां अवैध पार्किंग भी चल रही है। हालांकि पुलिस का दावा है कि सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए ही 250 से अधिक सीसीटीवी लाल किला और उसके आस-पास लगाए गए हैं।
अतिक्रमण के कारण आवाजाही प्रभावित
लाल किला ब्लास्ट के घटनास्थल के सामने ही पुलिस चौकी है, लेकिन इसके बावजूद वहां सैकड़ों की संख्या में पटरी वाले बैठे हैं। सड़क पर अतिक्रमण के कारण आवाजाही प्रभावित होती है। ब्लास्ट के दौरान भी सड़क पर जाम और वाहनों की मौजूदगी के कारण नुकसान बढ़ने की बात सामने आई थी। इसके बाद भी घटनास्थल को अब तक अतिक्रमण मुक्त नहीं कराया जा सका है।
ऐसे में सवाल उठता है कि जब इतनी संवेदनशील जगह पर ही अतिक्रमण नहीं हट पा रहा है तो बाकी इलाकों में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था कैसे दुरुस्त होगी।
पार्किंग की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े
दूसरी बड़ी चिंता पार्किंग की सुरक्षा व्यवस्था है। एनडीएमसी की बाबा खड़ग सिंह मार्ग और सरोजनी नगर मार्केट की पार्किंग को छोड़कर अन्य पार्किंग में वाहनों के प्रवेश के दौरान नियमित जांच की व्यवस्था नहीं है।
एमसीडी, डीडीए और दिल्ली मेट्रो की पार्किंग में भी सुरक्षा जांच को लेकर सवाल हैं। कई पार्किंग में प्रवेश और निकास पर सीसीटीवी कैमरे तक नहीं हैं। लाल किला ब्लास्ट के बाद पार्किंग में खड़े होने वाले वाहनों की जांच और निगरानी व्यवस्था मजबूत करने की जरूरत महसूस की गई थी। इसके बावजूद एक साल बाद भी इस दिशा में कोई बड़ा नीतिगत बदलाव सामने नहीं आया है।
घटनास्थल के पास ही चल रही अवैध पार्किंग
घटनास्थल से मात्र 10 कदम की दूरी पर लाल किला चौकी के ही सामने एमसीडी और दिल्ली पुलिस की मिलीभगत से अवैध पार्किंग चल रही है। एमसीडी यह कहकर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ रही है कि उसने तो कार्रवाई के लिए दिल्ली पुलिस को लिख दिया लेकिन स्थिति यह है कि अभी भी यहां पर अवैध पार्किंग चल रही है।
दरअसल, ठेकेदार द्वारा पार्किंग का शुल्क भुगतान न करने पर अगस्त 2025 में लाइसेंस रद कर दिया था। हाई कोर्ट भी इस पार्किंग को हटाने के निर्देश दे चुका है। पिछले दस माह से यह पार्किंग अवैध रूप से चल रही है। इसकी प्रतिदिन की अवैध वसूली ही तीन से चार लाख की हैं। लेकिन इस पर न तो एमसीडी कोई कार्रवाई कर रही है और न ही दिल्ली पुलिस।
'अतिक्रमण शहर की बड़ी समस्या है। इसको लेकर हमने टाउन वेंडिंग कमेटियों के गठन का कार्य पूरा कर लिया है। जैसे ही यह कमेटी अधिसूचित होगी, नए वेंडिंग एरिया प्लान बनाकर इसे चरणबद्ध तरीके से सही किया जाएगा। वहीं, पार्किंग में वाहनों की जांच के लिए हम पुलिस से बात कर रहे हैं, क्योंकि कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी उनकी है।'
-प्रवेश वाही, महापौर, दिल्ली
'लाल किला के बाहर बम ब्लास्ट की घटना के बाद सुरक्षा कमियों को लेकर तमाम पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की गई जिसमें आईबी समेत तमाम एजेंसियों और दिल्ली पुलिस के आला अधिकारी मौजूद थे। उसके बाद इंटेलीजेंस सिस्टम को बहुत मजबूत किया जिसके बारे में जानकारी नहीं दी जा सकती है।
केवल लाल किला के चारों और 250 से अधिक अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगाये गए हैं। दिल्ली की सीमाओं सहित पूरे शहर में सीसीटीवी कैमरों का दायरा बढ़ाया गया।'
-मधुर वर्मा,संयुक्त आयुक्त, दिल्ली पुलिस
यह भी पढ़ें- लाल किला ब्लास्ट: जहा चला आतंकी मॉड्यूल, उसी अल-फलाह यूनिवर्सिटी में MBBS की सभी 200 सीटें फुल
यह भी पढ़ें- घोटाले से लेकर विदेशी फंडिंग तक, दागदार रहा अल फलाह ट्रस्ट का इतिहास; लाल किला ब्लास्ट से जुड़े तार
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।