घोटाले से लेकर विदेशी फंडिंग तक, दागदार रहा अल फलाह ट्रस्ट का इतिहास; लाल किला ब्लास्ट से जुड़े तार
लाल किला बम धमाके को आज एक साल पूरे हो गए। अल फलाह ट्रस्ट एक बार फिर से चर्चे में ...और पढ़ें

अल फलाह ट्रस्ट का इतिहास। फोटो-दैनिक जागरण
HighLights
अल फलाह ट्रस्ट का इतिहास घोटालों और धोखाधड़ी से भरा।
अध्यक्ष जवाद सिद्दीकी पर मनी लॉन्ड्रिंग के कई मामले।
निवेशकों को ठगा, फर्जीवाड़े से करोड़ों की जमीन हड़पी।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। लाल किला बम धमाके के बाद जांच के घेरे में आए अल फलाह ट्रस्ट का इतिहास बहुत ही दागदार रहा। शिक्षण कार्यों में दखल से पहले निवेश घोटाला और बाद में विदेशों से फंडिंग तक के आरोप ट्रस्टियों पर लग चुके हैं।
फरीदाबाद के धौज में यूनिवर्सिटी का संचालन करने वाले अल फलाह चैरिटेबल ट्रस्ट का गठन 1995 में दक्षिणी दिल्ली के जामिया नगर में हुआ।
अल फलाह ट्रस्ट के अध्यक्ष के खिलाफ दो मामले दर्ज
10 नवंबर 2025 को हुए आतंकवादी हमले में यूनिवर्सिटी के डाक्टर उमर-उन-नबी को आत्मघाती हमलावर बताया गया था। साकेत स्थित विशेष पीएमएलए कोर्ट में अल फलाह ट्रस्ट के अध्यक्ष जवाद अहमद सिद्दीकी के खिलाफ मनी लांड्रिंग के दो मामले चल रहे हैं।

पहला मामला नैक मान्यता को लेकर धोखाधड़ी व मनी लांड्रिंग और दूसरा मामला मदनपुर खादर गांव में 45 करोड़ रुपये की जमीन के फर्जी तरीके से अधिग्रहण का मामला है।
अल-फलाह ट्रस्ट का इतिहास
बता दें कि शिक्षण संस्थान स्थापित करने के मकसद के साथ जवाद अहमद सिद्दीकी ने अपने भाई सुफियान अहमद सिद्दीकी समेत परिवार की उस्मा अख्तर व शिमा सिद्दीकी के साथ मिलकर अक्टूबर 1995 में अल-फलाह ट्रस्ट बनाया और स्वयं इसका अध्यक्ष बना।
वर्ष 1997 में ट्रस्ट ने फरीदाबाद में अल फलाह इंजीनियरिंग कालेज के साथ शिक्षण के क्षेत्र में कदम रखा। वर्ष 2010 में इसे नैक से ए ग्रेड मिला, तो वहीं 2014 में ट्रस्ट की यूनिवर्सिटी को हरियाणा विधानसभा में मान्यता दी। जबकि वर्ष 2019 में मेडिकल कालेज की शुरुआत की।
धार्मिक स्कीम लाकर मुसलमानों को ठगा
जवाद अहमद सिद्दीकी का नाम 15 से अधिक कंपनियों से जुड़ा है। ओखला से 2002-03 के आस-पास अल फलाह इन्वेस्टमेंट ने 'इस्लामिक प्राफिट स्कीम', 35-40 प्रतिशत रिटर्न और हज यात्रियों के लिए 'हलाल फाइनेंसिंग' योजना शुरू की।
स्कीम ज्यादा दिन तक चल नहीं पायी और सैकड़ों निवेशक अपनी जमा पूंजी गंवा बैठे। जवाद और उनके दो भाइयों पर निवेशकों से धोखाधड़ी के आरोप लगे। जेल भी गए। आरबीआइ ने उसकी कंपनी पर कार्रवाई करते हुए एनबीएफसी रजिस्ट्रेशन रद किया।
नैक मान्यता के नाम पर छात्रों को ठगा
ईडी ने जवाद को 18 नवंबर 2025 में मनी लांन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार किया था। उस पर छात्रों को मान्यता और एक्रेडिटेशन को लेकर गुमराह करने का आरोप था। जांच में यह भी सामने आया था कि 2018 से 2025 के बीच यूनिवर्सिटी ने करीब 415.10 करोड़ रुपये की कमाई की, जिसमें से बड़ी राशि को निजी इस्तेमाल के लिए दुबई डायवर्ट की गई।
वहीं मदनपुर खादर गांव में 1.14 एकड़ जमीन (खसरा नंबर 792) को जवाद ने फर्जी दस्तावेजों के जरिए हासिल किया था। इस जमीन की कीमत करीब 45 करोड़ रुपये थी, जबकि दस्तावेजों में इसकी खरीद सिर्फ 75 लाख रुपये दिखाई गई।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।