जेहन में वो खौफ के पल: 'अब किसी अनजान को नहीं देंगे घर', अलफलाह यूनिवर्सिटी कांड के 1 साल बाद धौज गांव का हाल
अलफलाह यूनिवर्सिटी में हुई सफेदपोश आतंकी घटना की यादें धौज गांव के लोगों के जेहन में आज भी ताजा हैं, ...और पढ़ें

अलफलाह यूनिवर्सिटी में हुई सफेदपोश आतंकी घटना को एक साल पूरा हो गया। जागरण
HighLights
अलफलाह यूनिवर्सिटी आतंकी घटना की यादें धौज गांव में आज भी ताजा।
ग्रामीणों ने युवाओं को जागरूक किया, किरायेदार सत्यापन अब अनिवार्य।
यूनिवर्सिटी खोई प्रतिष्ठा और छात्रों का भरोसा जीतने को प्रयासरत है।
प्रवीन कौशिक, फरीदाबाद। अलफलाह यूनिवर्सिटी में हुई सफेदपोश आतंकी घटना की यादें धौज गांव के लोगों के जेहन में आज भी ताजा है। इस घटना ने न केवल यूनिवर्सिटी की छवि को प्रभावित किया, बल्कि पूरे धौज गांव को भी बदनामी का दंश झेलना पड़ा।
घटना के बाद गांव के लोगों को सामाजिक स्तर पर असहज स्थिति का सामना करना पड़ा। बाहर से आने वाले लोगों की नजरों में भी गांव को लेकर कई तरह के सवाल खड़े होने लगे थे।
घटना के बाद करीब एक महीने तक धौज गांव में पुलिस, एसटीएफ और राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की लगातार आवाजाही रही। धौज और फतेहपुर तगा गांव में जहां विस्फोटक मिला था, आज उसे किसी ने किराए पर नहीं लिया है।
युवाओं को किया गया जागरूक
घटना के एक साल बाद अब गांव के लोग पहले की तुलना में अधिक सतर्क नजर आ रहे हैं। गांव के सरपंच साजिद के अनुसार, घटना के बाद ग्रामीणों और विशेषकर युवाओं को जागरूक करने का प्रयास किया गया।
उन्हें समझाया गया कि गांव की सामाजिक प्रतिष्ठा और सुरक्षा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। किसी भी अनजान व्यक्ति को बिना जानकारी और पहचान के अपने आसपास जगह देना उचित नहीं है।
सरपंच बताते हैं कि घटना के बाद ग्रामीणों ने मकान किराये पर देने के मामले में अपनी सोच बदली है। अब किसी भी अनजान व्यक्ति को बिना पूरी जानकारी और पुलिस सत्यापन के मकान किराये पर नहीं दिया जाएगा।
धौज गांव के लोगों के लिए बीता एक साल अपनी सामाजिक पहचान को दोबारा मजबूत करने की कोशिशों का समय रहा है। ग्रामीण चाहते हैं कि गांव की पहचान किसी घटना या विवाद से नहीं, बल्कि उसकी सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे से हो।
अचानक बदले माहौल ने छात्रों को मानसिक रूप से परेशान किया। उन्हें चिंता सताने लगी थी कि आखिर उनकी पढ़ाई और डिग्री का भविष्य क्या होगा। लेकिन इसका असर दाखिले पर नहीं दिखाई दिया।
फैक्लटी में 1700 सीटें
यूनिवर्सिटी के एक अधिकारी के अनुसार, यहां सभी फैक्लटी में 1700 सीटें हैं। इनमें एमबीबीएस की 200 सीटें हैं जो सभी भर गई हैं। बता दे 10 नवंबर 2025 को दिल्ली के लाल किले के पास हुए कार विस्फोट और उससे पहले फरीदाबाद में सामने आए सफेदपोश आतंकी मॉड्यूल की जांच में यूनिवर्सिटी से जुड़े कुछ डॉक्टरों के नाम सामने आने के बाद संस्थान सुर्खियों में आ गया था।
वहीं, लगातार विवादों और संस्थान के कामकाज को लेकर उठे सवालों के बाद हरियाणा सरकार ने मार्च 2026 में यूनिवर्सिटी का प्रशासनिक और वित्तीय नियंत्रण अपने हाथ में ले लिया।
सरकार ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अमित अग्रवाल को प्रशासक नियुक्त किया। छात्रों ने बताया कि सबसे बड़ी उम्मीद है कि यूनिवर्सिटी की पहचान दोबारा शिक्षा, बेहतर परिणाम और शैक्षणिक उपलब्धियों से बने।
वे चाहते हैं कि उनकी डिग्री की मान्यता, पढ़ाई की निरंतरता और रोजगार की संभावनाओं को लेकर किसी तरह का संशय न रहे। एक साल बाद भी यूनिवर्सिटी के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपनी खोई हुई प्रतिष्ठा वापस हासिल करना और विद्यार्थियों का भरोसा जीतना है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।