दिल्ली में कंझावला चौक से यूईआर-2 तक सड़क का निर्माण शुरू, हरियाणा जाने वालों को मिली बड़ी राहत
कंझावला चौक स्थित जैन नगर से यूईआर-टू तक की क्षतिग्रस्त सड़क का पुनर्निर्माण कार्य शुरू हो गया है। दैनिक जागरण द्वारा मुद्दा उठाए जाने के बाद शुरू हुए इस कार्य से लोगों को राहत मिलेगी।

जैन नगर से यूईआर-टू तक जाने वाली सड़क के पुनर्निर्माण कार्य के दौरान रोलर से सड़क को समतल करते कर्मचारी। जागरण
जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। कंझावला चौक स्थित जैन नगर से यूईआर-टू तक जाने वाली मुख्य सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्सों का पुनर्निर्माण शुरू हो गया है। करीब 14 करोड़ रुपये की लागत से बनी इस सड़क में जगह-जगह गड्ढे थे और यह टूट चुकी थी।
स्थानीय लोगों की इस समस्या को दैनिक जागरण ने 14 अगस्त को प्रमुखता से उठाया था। अब सड़क पर निर्माण कार्य शुरू होने से स्थानीय लोगों और रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों को राहत मिलने की उम्मीद है।
निर्माण के कुछ वर्षों बाद ही टूटने लगी सड़क
करीब पांच किलोमीटर लंबी इस सड़क का निर्माण वर्ष 2020 में शुरू हुआ था और वर्ष 2022 में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की ओर से करीब 14 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया था।
निर्माण के कुछ ही वर्षों बाद सड़क जगह-जगह से टूटने लगी। कई हिस्सों में गहरे गड्ढे बन गए थे और सड़क की सतह उखड़ने लगी थी। इससे वाहन चालकों को आवाजाही में परेशानी हो रही थी।
विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह मार्ग जोखिम भरा बन गया था। रात के समय गड्ढों के कारण दुर्घटना की आशंका और बढ़ जाती थी। यह सड़क बुद्ध विहार से औचंदी बॉर्डर होते हुए हरियाणा को जोड़ती है।
कई क्षेत्रों के लोग रोजाना करते हैं सफर
कराला, मजरी, रामा विहार, आनंदपुर धाम, शिव विहार और जैन नगर समेत आसपास के कई क्षेत्रों के लोग रोजाना इस मार्ग से गुजरते हैं। खरखौदा और बहादुरगढ़ की ओर आने-जाने वाले वाहन चालकों के लिए भी यह महत्वपूर्ण रास्ता है।
सड़क खराब होने से स्थानीय लोगों के साथ-साथ व्यावसायिक और निजी वाहन चालकों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही थी। स्थानीय निवासी डॉ. अनिल वत्स और युगल ने सड़क निर्माण पर सरकार व संबंधित विभाग का आभार जताया है।
एक हिस्सा तैयार, दूसरा जल्द होगा पूरा
वहीं पीडब्ल्यूडी के संबंधित अधिकारी ने बताया कि जैन नगर में पंजाब स्वीट्स से यूईआर-2 तक सड़क उनके डिवीजन के अंतर्गत आती है। डिवीजन में करीब 1100 मीटर सड़क है, जो बिटुमिनस यानी डामर की सड़क है।
फिलहाल एक हिस्सा बनकर तैयार हो चुका है और अगले एक-दो दिनों में दूसरा हिस्सा भी पूरा कर लिया जाएगा। कंझावला चौक तक बाकी सड़क का निर्माण नालों का काम पूरा होने के बाद कराया जाएगा।
यह भी पढ़ें- दिल्ली एयरपोर्ट पर दौड़ेगी बिना ड्राइवर वाली ट्रेन, 7.3 किमी रूट पर बनेंगे 6 स्टेशन; टर्मिनल होंगे कनेक्ट
यह भी पढ़ें- हमलों के चलते दिल्ली से साउदी अरब के 3 शहरों की उड़ानें सस्पेंड, एअर इंडिया ने 30 नवंबर तक लगाई रोक
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।