विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली एयरपोर्ट पर दौड़ेगी बिना ड्राइवर वाली ट्रेन, 7.3 किमी रूट पर बनेंगे 6 स्टेशन; सभी टर्मिनल होंगे कनेक्ट

Published: Mon, 23 Nov 2026 06:12 PM (IST)

दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (डायल) ने इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर ड्राइवरलेस ऑटोमेटेड पीपल मूवर (APM) के लिए वैश्विक टेंडर जारी किए हैं। 

दिल्ली एयरपोर्ट पर दौड़ेगी ड्राइवरलेस ट्रेन। फोटो: एआई जनरेटेड

दिल्ली एयरपोर्ट पर दौड़ेगी ड्राइवरलेस ट्रेन। फोटो: एआई जनरेटेड

HighLights

  1. डायल ने ड्राइवरलेस एयर ट्रेन के लिए टेंडर जारी किए।

  2. 7.3 किमी लंबा कॉरिडोर टर्मिनलों को जोड़ेगा, सुगम आवागमन।

  3. मेट्रो सेवाओं से एकीकृत होकर यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी।

गौतम कुमार मिश्रा, नई दिल्ली। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (IGI) पर एक टर्मिनल से दूसरे टर्मिनल तक पहुंचना आसान बनाने की तैयारी है।

दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (डायल) ने ड्राइवरलेस एयर ट्रेन यानी ऑटोमेटेड पीपल मूवर (APM) चलाने के लिए विश्व भर की कंपनियों से टेंडर मांगे हैं।

प्रस्तावित 7.3 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर से टर्मिनल-1, टर्मिनल-3 सहित एयरपोर्ट के प्रमुख हिस्सों को जोड़ा जाएगा।

7.3 किलोमीटर लंबा होगा कॉरिडोर

डायल ने 20 नवंबर को इस परियोजना के लिए टेंडर जारी किया है। प्रस्तावित एयर ट्रेन कॉरिडोर करीब 7.3 किलोमीटर लंबा होगा। इसमें 5.3 किलोमीटर हिस्सा एलिवेटेड यानी जमीन से ऊपर और करीब 2 किलोमीटर हिस्सा जमीन के स्तर पर बनाया जाएगा।

इस स्वचालित परिवहन प्रणाली का उद्देश्य एयरपोर्ट पर बढ़ते यात्री दबाव को ध्यान में रखते हुए टर्मिनलों और अन्य प्रमुख सुविधाओं के बीच तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक आवागमन उपलब्ध कराना है।

छह स्टेशनों से जुड़ेंगे प्रमुख हिस्से

प्रस्तावित एयर ट्रेन कॉरिडोर पर कुल छह स्टेशन बनाए जाएंगे। इनके जरिए एयरपोर्ट के प्रमुख हिस्सों को आपस में जोड़ा जाएगा।

  • टर्मिनल-3
  • कार्गो टर्मिनल
  • डाउनटाउन एयरोसिटी
  • एयरोसिटी
  • हॉस्पिटैलिटी डिस्ट्रिक्ट
  • टर्मिनल-1

इस परियोजना को टर्मिनल-1, एयरोसिटी और टर्मिनल-3 पर उपलब्ध मौजूदा मेट्रो सेवाओं के साथ एकीकृत करने की योजना है। इससे यात्रियों को एयर ट्रेन और मेट्रो के बीच कनेक्टिविटी मिलेगी।

तीन चरणों में पूरा होगा प्रोजेक्ट

एयर ट्रेन परियोजना के निर्माण और तकनीकी कार्यों को तीन चरणों में बांटा गया है। पहले चरण में ट्रेन, ट्रैक, बिजली आपूर्ति और डिपो से जुड़े कार्य होंगे। इसके साथ सिस्टम के 10 साल तक संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी भी शामिल है।

दूसरे चरण में सिग्नलिंग और ट्रेन कंट्रोल सिस्टम (CBTC), टेलीकम्युनिकेशन, ऑपरेशन कंट्रोल सेंटर, ऑटोमेटेड किराया संग्रह, प्लेटफॉर्म स्क्रीन डोर और सुरक्षा जांच से जुड़े उपकरण शामिल होंगे। इसके तहत भी 10 साल का रखरखाव करना होगा।

तीसरे चरण में स्टेशन, ट्रेन के गाइडवे, डिपो भवन और अन्य सिविल, स्ट्रक्चरल व एमईपी (मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल और प्लंबिंग) कार्य किए जाएंगे। इन सुविधाओं के रखरखाव की जिम्मेदारी भी 10 साल तक होगी।

तीन सदस्यीय ज्वॉइंट वेंचर भी ले सकेगा हिस्सा

डायल के अनुसार, कंपनियां व्यक्तिगत रूप से या अधिकतम तीन सदस्यों वाले ज्वॉइंट वेंचर के रूप में टेंडर प्रक्रिया में हिस्सा ले सकती हैं। इच्छुक कंपनियां किसी एक पैकेज या तीनों पैकेज के लिए आवेदन कर सकेंगी।

4 फरवरी 2027 तक जमा होंगे टेंडर

टेंडर प्रक्रिया के तहत साइट विजिट 20वें दिन, प्री-बिड बैठक 21वें दिन और सवाल पूछने की अंतिम तारीख 26वें दिन तय की गई है। इच्छुक कंपनियां 4 फरवरी 2027 को शाम 5 बजे तक टेंडर जमा कर सकेंगी।

टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद परियोजना के निर्माण और क्रियान्वयन की अगली प्रक्रिया शुरू होगी। एयर ट्रेन शुरू होने से एयरपोर्ट के अलग-अलग टर्मिनलों और प्रमुख सुविधाओं के बीच यात्रियों का आवागमन अधिक सुविधाजनक होने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें- हमलों के चलते दिल्ली से साउदी अरब के 3 शहरों की उड़ानें सस्पेंड, एअर इंडिया ने 30 नवंबर तक लगाई रोक

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।