विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

राजौरी गार्डन कांड: वारदात के 10 दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली, मुख्य आरोपित रंधावा अब भी फरार

Published: Thu, 02 Apr 2026 04:26 AM (IST)

पश्चिमी दिल्ली के राजौरी गार्डन में हुए अपहरण और लूट के 10 दिन बाद भी पुलिस खाली हाथ है। मास्टरमाइंड गैंगस्टर गुरप्रीत सिंह रंधावा अभी भी फरार है।

पश्चिमी दिल्ली के राजौरी गार्डन में हुए अपहरण और लूट के 10 दिन बाद भी पुलिस खाली हाथ है। फाइल फोटो

पश्चिमी दिल्ली के राजौरी गार्डन में हुए अपहरण और लूट के 10 दिन बाद भी पुलिस खाली हाथ है। फाइल फोटो

जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। पश्चिमी दिल्ली के राजौरी गार्डन इलाके में 19 मार्च की रात को हुए अपहरण और लूट के सनसनीखेज मामले में पुलिस की जांच अब तक बेनतीजा साबित हो रही है। घटना के 10 दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस लूटा गया माल बरामद करने में विफल रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, वारदात को अंजाम देने वाले गैंगस्टर रंधावा गैंग के दोनों शूटरों को पंजाब से पकड़ लिया गया था, पर उनके पास से न तो 12 लाख के गहनों मिले और न ही 40 लाख रुपये की नकदी।

इस पूरी साजिश का मास्टरमाइंड कुख्यात गैंगस्टर गुरप्रीत सिंह रंधावा बताया जा रहा है, जो गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार एक शहर से दूसरे शहर अपने ठिकाने बदल रहा है। पुलिस की विशेष टीमें रंधावा की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस का मानना है कि रंधावा की गिरफ्तारी के बाद ही लूटे गए माल और लग्जरी गाड़ी का सुराग मिल सकेगा। मामले में संलिप्तता के आधार पर दिल्ली से पकड़े गए आरोपित ज्वैलर रिंकू शर्मा उर्फ राजू को पुलिस रिमांड खत्म होने के बाद जेल भेज दिया गया है।

पूछताछ के दौरान आरोपित ने पुलिस को कई महत्वपूर्ण जानकारियां दी हैं। इन्हीं जानकारियों के आधार पर पुलिस की टीमें विभिन्न राज्यों में दबिश दे रही हैं। गौरतलब है कि पीड़ितों ने इसी ज्वैलर को अपने घर के गहने बेचे थे, जिसके बाद उसने रंधावा के साथ मिलकर लूट की रूपरेखा तैयार की थी।

गत 19 मार्च को मीरा बाग निवासी जूता-चप्पल कारोबारी सागर शर्मा और मानिक शर्मा का आरोपितों ने फायरिंग कर उनकी ही गाड़ी में अपहरण कर लिया था। आरोपितों ने कुरुक्षेत्र के पास पीड़ितों को बेरहमी से पीटने के बाद उन्हें सड़क किनारे फेंक दिया और 40 लाख रुपये नकद, भारी मात्रा में सोना, मोबाइल फोन और एप्पल वाच लेकर फरार हो गए थे।

पश्चिमी दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी का कहना है कि तकनीकी सर्विलांस और जमीनी मुखबिरों की मदद से आरोपितों की घेराबंदी तेज कर दी गई है। हालांकि शूटरों से बरामदगी न होना पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है, लेकिन दावा किया जा रहा है कि रंधावा को जल्द ही गिरफ्तार कर लूटा गया पूरा सामान बरामद कर लिया जाएगा।

यह भी पढ़ें: दिल्ली का द्वारका बनेगा अंतरराष्ट्रीय केंद्र, आईटी हब और विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर से बदलेगी तस्वीर