Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    जन आक्रोश रैली में राहुल गांधी ने कहा- कांग्रेस का कार्यकर्ता शेर का बच्चा है

    By JP YadavEdited By:
    Updated: Mon, 30 Apr 2018 06:34 AM (IST)

    कांग्रेस अध्यक्ष का पद संभालने के बाद दिल्ली में राहुल गांधी की यह पहली रैली थी। ...और पढ़ें

    Hero Image
    जन आक्रोश रैली में राहुल गांधी ने कहा- कांग्रेस का कार्यकर्ता शेर का बच्चा है

    नई दिल्ली (जेएनएन)। दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस की 'जन-आक्रोश रैली' में राहुल गांधी ने पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि कांग्रेस का कार्यकर्ता शेर का बच्चा है। उन्होंने कहा कि इस देश को अगर आगे ले जाना है तो उसे प्यार की जरूरत है, नफरत की नहीं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    उन्होंने अलग-अलग राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों के संदर्भ में कहा कि मध्य प्रदेश में, कर्नाटक, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में हम जीतेंगे। 2019 में भी हम जीतेंगे। इतना ही नहीं, रैली में उन्होंने कहा कि कर्नाटक में हमारा कार्यकर्ता हर बूथ पर अपनी विचारधारा के साथ खड़ा है। 

    राहुल गांधी ने कहा कि हर राज्य में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सत्ता के लिए नहीं सत्य के लिए जान दी है। मैं अपनी पार्टी में अलग-अलग विचारधारा का सम्मान करता हूं। यही सोच इस देश को आगे ले जा सकती है। कांग्रेस अध्यक्ष का पद संभालने के बाद दिल्ली में राहुल गांधी की यह पहली रैली थी। 

    राहुल गांधी से पहले सोनिया गांधी ने रैली में कहा कि पूरा देश हिंसक दौर से गुजर रहा है। संवैधानिक संस्थाओं पर आज संकट है। यह सतर्क रहने का समय है।

    उन्होंने कहा कि हम बदलाव की तरफ बढ़ रहे हैं। समाज का हर तबका बेचैन है। किसान, कारोबारी, दलित, आदिवासी, पिछड़े सबको भविष्य का डर सता रहा है। बच्चियों की असुरक्षा का डर लोगों को सता रहा है।वहीं, कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने कहा 4 साल में भाजपा ने देश का नुकसान किया।

    इससे पहले रैली में ज्योतिरादित्य सिंधिया ने रैली में कहा कि विश्व बाजार में तेल का दाम घटा है, लेकिन अपने देश में ये बढ़ा है। कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद ने कहा की सरकार ने जो वादे किये उसे पूरा नहीं किया। रैली में 1 लाख से अधिक लोगों के पहुंचने का अनुमान है। वहीं, रैली स्थल पर जगह नहीं मिलने के कारण अधिकाश समर्थक बाहर खड़े हैं। 

    बताया जा रहा है कि मुंबई से कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को लेकर आ रही ट्रेन सुबह 11 बजे दिल्ली पहुंची। यह ट्रेन 8 घंटे देरी से दिल्ली पहुंची। इस पर कांग्रेसी नेता संजय निरुपम ने रेल मंत्री को फोन कर उनसे शिकायत भी दर्ज कराई।

    आसपास के राज्यों से लोग दिल्ली पहुंचेंगे

    रैली में भीड़ जुटाने के लिए आसपास के राज्यों से लोग दिल्ली पहुंचे हैं जिसके चलते इस रैली का असर ट्रैफिक यातायात पर भी पड़ा। हालांकि राहत की बात है कि रविवार होने के कारण सरकारी दफ्तर, स्कूल कॉलेज बंद हैं।

    रैली को लेकर व्यापक इंतजाम

    रैली को सफल बनाने के लिए कई कमेटियां बनाई गई हैं, जिनकी तैयारियों के संबध में लगातार बैठकें हो रही हैं। अन्य तैयारियों के साथ ही दिल्ली में बढ़ती गर्मी के मद्देनजर कई स्थानों पर पेयजल 14 छबील और वाहनों की पार्किंग का इंतजाम है।

    दिल्ली में लग सकता है जाम

    दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस की जन आक्रोश रैली की वजह से नई दिल्ली इलाके में जाम लग सकता है। यही वजह है यातायात पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर लोगों से रामलीला मैदान के आस पास के रास्तों का उपयोग न करने सलाह दी है।

    यातायात पुलिस के अनुसार अरूणा आसफ अली, दिल्ली गेट, दरियागंज, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, अजमेरी गेट, पहाड़गंज, आइटीओ, राजघाट, मिंटो रोड और जवाहर लाल नेहरू मार्ग का उपयोग न करें। इसके साथ ही दिल्ली गेट और राजघाट से जवाहरलाल नेहरू मार्ग, पहाड़गंज चौक से अजमेरी गेट, डीडीयू मार्ग से कमला मार्केट और लाहौरी गेट, बाराखंबा रोड से गुरू नानक चौक पर व्यावसायिक वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध होगा।