साउथ दिल्ली वालों को जाम से मिलेगी मुक्ति, साकेत से बदरपुर तक बनेगा 8 किमी लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर
दक्षिण दिल्ली में महरौली-बदरपुर (एमबी) रोड पर 8 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर बनाने की तैयारी है। इससे साकेत से बदरपुर तक के भारी ट्रैफिक जाम से लोगों को राहत मिलेगी और यात्रा सुगम होगी।

जनवरी 2027 तक फ्लाईओवर तैयार होने की उम्मीद है। फोटो: आर्काइव
HighLights
महरौली-बदरपुर रोड पर 8 किमी लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर बनेगा
साकेत से बदरपुर तक ट्रैफिक जाम से मिलेगी मुक्ति
दो फ्लाईओवर को कैबिनेट से मंजूरी, बाकी दो योजना में
श्रद्धा पांडे, नई दिल्ली। साउथ दिल्ली में रोज जाम से गुजरने वालों और घंटों फंसने वालों के लिए अच्छी खबर है। दिल्ली सरकार महरौली-बदरपुर (एमबी) रोड पर 8 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर बनाने की तैयारी में है। इसमें कुल चार फ्लाईओवर होंगे। इनमें से दो फ्लाईओवर को कैबिनेट से मंजूरी भी मिल चुकी है, बाकी दो पर अभी काम चल रहा है।
किन रास्तों के राहगीरों को होगी आसानी?
एमबी रोड साउथ दिल्ली की सबसे व्यस्त सड़कों में से एक है। साकेत से लेकर बदरपुर तक यहां हर वक्त गाड़ियों का दबाव रहता है। सुबह-शाम तो हालत और खराब हो जाती है।
- इस नए कॉरिडोर के बनने से साकेत जी-ब्लॉक से बदरपुर तक का सफर आसान हो जाएगा।
- अंबेडकर नगर, खानपुर, संगम विहार और पुल प्रह्लादपुर की तरफ जाने वाले लोगों को भी फायदा होगा।
पहले फ्लाईओवर का आधा काम पूरा
पहला फ्लाईओवर साकेत जी-ब्लॉक से संगम विहार के बीच बन रहा है। यह करीब 2.4 किलोमीटर लंबा होगा। अधिकारियों का कहना है कि इसका 50 फीसदी से ज्यादा काम पूरा हो चुका है। खास बात ये है कि यह फ्लाईओवर मेट्रो की अंडरग्राउंड लाइन के ऊपर बन रहा है और इसे डीएमआरसी बना रही है।

दूसरे फ्लाईओवर पर भी शुरू हुआ काम
दूसरा फ्लाईओवर मां आनंदमयी मार्ग से पुल प्रह्लादपुर के बीच बनेगा। यह करीब 2.5 किलोमीटर लंबा होगा। इस पर काम शुरू हो चुका है और पैसा भी मंजूर हो गया है, लेकिन जमीन को लेकर थोड़ी दिक्कत आ रही है।
- पीडब्ल्यूडी ने इसके लिए डीडीए को चिट्ठी लिखकर जमीन मांगी है।
- इन दोनों फ्लाईओवर के लिए सरकार ने 1,471 करोड़ रुपये से ज्यादा की मंजूरी दी है।
बाकी दो फ्लाईओवर अभी प्लानिंग में
अभी दो हिस्से बाकी हैं। एक संगम विहार से मां आनंदमयी मार्ग के बीच 2.7 किलोमीटर का फ्लाईओवर और दूसरा पुल प्रह्लादपुर से बदरपुर के बीच 450 मीटर का हिस्सा। इन दोनों के लिए कंसल्टेंट लगा दिए गए हैं। इनकी डीपीआर जनवरी 2027 तक तैयार होने की उम्मीद है। इसके बाद सरकार से पैसे की मंजूरी ली जाएगी।
पेड़ों को काटने से बचने के तलाशेंगे उपाय
सरकार ये भी देख रही है कि इन प्रोजेक्ट्स में कितने पेड़ काटने पड़ेंगे। अधिकारियों का कहना है कि चारों हिस्से पूरे होने के बाद एमबी रोड पर सफर काफी आसान हो जाएगा। साथ ही, प्रोजेक्ट की राह में आने वाले पेड़ों को एक स्थान से उखाड़कर दूसरी जगह पर ले जाने पर भी विचार किया जा सकता है। इससे हरियाली की रक्षा के साथ ही प्रोजेक्ट को भी कामयाब बनाने में मदद मिलेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।