विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली के कराला की फिरणी रोड की बदहाली, जलभराव और गड्ढों ने बढ़ाई लोगों की टेंशन

Published: Tue, 24 Nov 2026 03:39 AM (IST)

बाहरी दिल्ली के कराला गांव की फिरणी रोड गहरे गड्ढों और जलभराव के कारण बदहाल है, जिससे राहगीरों और स्कूली बच्चों को भारी परेशानी हो रही है। 

कराला की फिरणी रोड पर चलना हुआ मुश्किल गहरे गड्ढे और जलभराव से लोग परेशान ( फोटो स्रोत : जागरण )

कराला की फिरणी रोड पर चलना हुआ मुश्किल गहरे गड्ढे और जलभराव से लोग परेशान ( फोटो स्रोत : जागरण )

HighLights

  1. गहरे गड्ढे और जलभराव से कराला की फिरणी रोड बदहाल।

  2. राहगीर, नौकरीपेशा और स्कूली बच्चे आवागमन में परेशान।

  3. बजट की कमी से सड़क निर्माण रुका, नाला भी जाम।

संजय डबास, बाहरी दिल्ली। कराला गांव की फिरणी वर्षों से बदहाली का दंश झेल रही है। मुख्य कराला रोड से स्टेडियम होते हुए यूइआर-टू को जोड़ने वाली सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हैं और जल निकासी  की व्यवस्था नहीं होने के कारण गंदा पानी भरा है।

सड़क की हालत ऐसी है कि राहगीरों को समझ नहीं आता कि गड्ढों से बचकर निकलें या पानी में रास्ता तलाशें। सुबह-शाम व्यस्त रहने वाली इस सड़क से रोजाना बड़ी संख्या में ग्रामीण, नौकरीपेशा लोग और स्कूली बच्चे आवागमन करते हैं।

सड़क की हालत खराब होने से बिगड़ रही स्थिति

करीब 20 हजार की आबादी वाले कराला गांव की इस सड़क पर एक स्कूल भी है। इस कारण से बच्चों को भी इस सड़क से समस्या है। प्रभावित सड़क का निर्माण सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग की ओर से कराया गया था, लेकिन लंबे समय से इसकी मरम्मत नहीं होने से हालत लगातार बिगड़ती जा रही है।

स्थानीय निवासी जोगिंदर माथुर, आनन्द माथुर का कहना है कि इस सड़क के लिए बजट स्वीकृत होने की चर्चा हुई थी। उम्मीद थी कि सड़क की बदहाली दूर होगी, लेकिन सड़क का निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ।

ग्रामीणों ने लगाए कई आरोप..

वहीं अन्य ग्रामीणों का आरोप है कि सिर्फ आश्वासन दिए जाते हैं, सुध लेने वाला कोई नहीं है। इस सड़क के साथ कराला से सुल्तानपुर गांव की ओर जाने वाले मार्ग पर पीडब्ल्यूडी की ओर से बनाया गया बड़ा नाला भी जाम है।

जब इस संबंध में पीडब्ल्यूडी के संबंधित अधिकारी से बात की गई तो उन्होंने बताया कि नाले का निर्माण कार्य चल रहा है। नाले की पूरी तरह सफाई कराई जाएगी और जल्द ही समस्या का स्थायी समाधान किया जाएगा।


सड़क की हालत बेहद खराब है। गंदा पानी भरा रहने से लोगों को रोजाना परेशानी होती है। कई बार समस्या सामने रखी गई। लेकिन, अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ है।-- रोहतास माथुर

सड़क और नाले की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। स्कूली बच्चों समेत सभी राहगीरों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। सड़क का निर्माण और नाले की सफाई जल्द कराई जानी चाहिए।-- सम्मे माथुर

सड़क निर्माण के लिए बजट उपलब्ध नहीं होने के कारण काम नहीं हो पा रहा है। बजट मिलते ही सड़क का निर्माण जल्द कराया जा सकेगा।-- मनीषा जसबीर कराला, निगम पार्षद

यह भी पढ़ें- दिल्ली में मलेरिया ने बढ़ाई टेंशन, डेंगू की रफ्तार हुई धीमी, लोगों में बढ़ाई जा रही जागरूकता 


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।