दिल्ली में बनने जा रहे 10 सिग्नल-फ्री कॉरिडोर, बिना लालबत्ती पर रुके सरपट दौड़ेंगे वाहन; जाम से मिलेगी राहत
दिल्ली सरकार यातायात जाम की समस्या से निपटने के लिए शहर में 10 सिग्नल फ्री कॉरिडोर विकसित कर रही है।
-1795452895373_m.webp)
दिल्ली में बनेगा 10 सिग्नल फ्री कॉरिडोर। फोटो-जागरण
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली में यातायात जाम की समस्या से निपटने के लिए सरकार शहर में 10 सिग्नल फ्री कॉरिडोर विकसित करने की दिशा में काम कर रही है। इसके तहत कई प्रमुख सड़कों और फ्लाईओवर का विस्तार किया जाएगा, ताकि वाहन चालकों को बार-बार लालबत्ती पर रुकना न पड़े।
लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के साथ प्रदूषण पर हुई समीक्षा बैठक में इन परियोजनाओं की जानकारी दी है।
कई मार्गों परो होगी सिग्नल फ्री आवाजाही
अधिकारियों के अनुसार, विकास मार्ग के एक हिस्से, सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन के पास मथुरा रोड और बारापुला फ्लाईओवर पर सिग्नल फ्री आवाजाही की व्यवस्था से यातायात में सुधार हुआ है।
दक्षिणी दिल्ली में यातायात सुगम बनाने के लिए मोदी मिल फ्लाईओवर का विस्तार किया जा रहा है। वहीं, सावित्री सिनेमा जंक्शन पर समानांतर फ्लाईओवर का निर्माण भी शुरू हो गया है। इन परियोजनाओं से मोदी मिल से कालकाजी होते हुए आइआइटी गेट तक सिग्नल फ्री आवाजाही का रास्ता मजबूत होगा।
चार किलोमीटर की सुरंग बनाने का प्रस्ताव
उत्तर दिल्ली में मुन्नक नहर एलिवेटेड रोड को कश्मीरी गेट तक बढ़ाने की योजना है। इसके तहत इंद्रलोक से आइएसबीटी कश्मीरी गेट के बीच करीब चार किलोमीटर लंबी सुरंग बनाने का प्रस्ताव है। परियोजना पूरी होने पर दिल्ली-हरियाणा सीमा से मध्य दिल्ली तक निर्बाध कॉरिडोर उपलब्ध हो सकेगा।
इसके अलावा, दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने पीडब्ल्यूडी को यातायात सुधार के लिए 538 स्थानों की सूची सौंपी है। इनमें मेटकाफ हाउस, किंग्सवे कैंप, आजादपुर और मधुबन चौक जैसे जाम प्रभावित इलाके शामिल हैं।
यहां अतिरिक्त यू-टर्न लेन, फुट ओवरब्रिज, सिग्नल के समय में बदलाव और सड़कों को चौड़ा करने जैसे उपाय सुझाए गए हैं। कालिंदी कुंज में भी केंद्र सरकार की वित्तीय मदद से इंटरचेंज बनाने की योजना पर काम चल रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।