विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

टोल बचाना पड़ेगा भारी, दिल्ली में बिना टैक्स घुसे तो 5 गुना जुर्माना; 72 घंटे में नहीं भरा तो गाड़ी जब्त 

Published: Mon, 23 Nov 2026 10:12 PM (GMT+05:30)

एमसीडी ने व्यावसायिक वाहनों द्वारा टोल चोरी रोकने के लिए नए उपनियमों का मसौदा जारी किया है। इसके तहत बकाया टोल के साथ पांच गुना जुर्माना और 72 घंटे में भुगतान न करने पर वाहन जब्त होगा।

दिल्ली में बिना टोल दिए कोई गाड़ी आई तो होगी कार्रवाई। फोटो: आर्काइव

दिल्ली में बिना टोल दिए कोई गाड़ी आई तो होगी कार्रवाई। फोटो: आर्काइव

HighLights

  1. टोल चोरी पर बकाया टैक्स के साथ पांच गुना जुर्माना।

  2. 72 घंटे में भुगतान न करने पर वाहन जब्त होगा।

  3. ANPR कैमरों से टोल चोरी पर कड़ी निगरानी।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली में बिना टोल टैक्स चुकाए प्रवेश करने वाले व्यावसायिक वाहनों पर अब शिकंजा कसने की तैयारी है। ऐसे वाहनों से बकाया टोल टैक्स के अतिरिक्त पांच गुना जुर्माना वसूला जाएगा।

जुर्माने और बकाया राशि का भुगतान नोटिस मिलने के 72 घंटे के भीतर करना होगा। ऐसा नहीं करने पर वाहन को जब्त किया जा सकेगा। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने टोल टैक्स उपनियम-2007 में बदलाव कर नए उपनियम-2026 का मसौदा तैयार किया है।

इसे निगम की वेबसाइट पर सार्वजनिक कर 30 नवंबर 2026 को शाम पांच बजे तक आम लोगों से सुझाव और आपत्तियां मांगी गई हैं। नागरिक adc.tolltax@mcd.nic से भी अपने सुझाव दे सकते हैं।

धरपकड़ के लिए ANPR कैमरों का इस्तेमाल

नए उपनियमों में टोल वसूली के लिए नकद और आरएफआईडी के अलावा स्वचालित नंबर प्लेट पहचान प्रणाली (एएनपीआर) कैमरों के इस्तेमाल का प्रावधान किया गया है।

इसके जरिये दिल्ली में प्रवेश करने वाले व्यावसायिक वाहनों की पहचान और टोल भुगतान की निगरानी की जाएगी। टोल टैक्स का भुगतान नहीं करने वाले वाहन मालिकों को इलेक्ट्रॉनिक नोटिस भेजा जाएगा।

नोटिस जारी होने या मिलने के 72 घंटे के भीतर बकाया टोल टैक्स, पांच गुना जुर्माना और अन्य निर्धारित शुल्क जमा करना अनिवार्य होगा।

72 घंटे में भुगतान नहीं तो वाहन होगा जब्त

निर्धारित अवधि में भुगतान नहीं करने पर संबंधित वाहन के खिलाफ वसूली वारंट जारी किया जाएगा। इसके बाद वाहन को डिफॉल्टर श्रेणी में डालकर उसका पंजीकरण नंबर डिफॉल्टर डेटाबेस में शामिल किया जाएगा।

ऐसे वाहन को दिल्ली में कहीं भी रोककर हिरासत में लेने और जब्त करने की कार्रवाई की जा सकेगी। टोल चोरी की प्रत्येक घटना को अलग उल्लंघन माना जाएगा और हर बार पांच गुना जुर्माना लगाया जाएगा।

नंबर प्लेट छिपाने वालों पर भी नजर

दरअसल, कुछ व्यावसायिक वाहन चालक नंबर प्लेट छिपाकर या गैर-अधिकृत रास्तों से दिल्ली में प्रवेश कर टोल टैक्स बचाने का प्रयास करते हैं। नए उपनियमों में ऐसे वाहनों की पहचान कर कार्रवाई करने का प्रावधान है।

एएनपीआर कैमरों और आरएफआईडी तकनीक से वाहनों की निगरानी होगी। संदिग्ध वाहन की पहचान होने पर उसका रंग, मॉडल और अन्य विवरण प्रवर्तन टीम को भेजे जा सकेंगे, ताकि उसे रोककर कार्रवाई की जा सके।

निगम निजी एजेंसियों को भी टोल वसूली की तकनीकी व्यवस्था और वाहनों की पहचान का जिम्मा दे सकेगा। हालांकि, वाहन जब्त करने और बकाया वसूली जैसे वैधानिक अधिकार एमसीडी आयुक्त और अधिकृत अधिकारियों के पास ही रहेंगे।

यह भी पढ़ें- दिल्ली की हवा में जहर घोल रहे ये 62 'जाम प्वाइंट', चिह्नित होने के बावजूद बॉटलनेक का नहीं निकला हल

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।