दिल्ली की हवा में जहर घोल रहे ये 62 'जाम प्वाइंट', चिह्नित होने के बावजूद बॉटलनेक का नहीं निकला हल
दिल्ली में 62 चिह्नित ट्रैफिक बॉटलनेक के कारण वाहनों का जाम प्रदूषण बढ़ा रहा है। 215 सुधारात्मक उपायों में से कई जमीन की कमी या अन्य कारणों से अव्यावहारिक साबित हुए हैं, जिससे समस्या का समाधान मुश्किल हो रहा है।
-1795448879812_m.webp)
दिल्ली में ट्रैफिक के कारण बढ़ रहा प्रदूषण। फोटो-जागरण आर्काइव
मोहम्मद साकिब, नई दिल्ली। दिल्ली में वायु प्रदूषण की चर्चा होते ही पराली, धूल और वाहनों से निकलने वाले धुएं पर ध्यान जाता है, लेकिन प्रदूषण बढ़ाने वाली एक बड़ी समस्या यातायात जाम भी है।
राजधानी की सड़कों पर रोजाना लगने वाले जाम में हजारों वाहन लंबे समय तक रेंगते रहते हैं। इससे ईंधन की खपत बढ़ती है और वाहनों से निकलने वाला धुआं भी हवा में प्रदूषण का स्तर बढ़ाता है।
दिल्ली के 62 स्थान चिह्नित
दिल्ली में 62 ऐसे स्थान चिह्नित हैं, जहां बार-बार यातायात बाधित होता है। इन बॉटलनेक को खत्म करने के लिए 215 सुधारात्मक उपाय तय किए गए, लेकिन छह महीने से अधिक समय बाद भी समस्या पूरी तरह दूर नहीं हो सकी है।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), नगर निगम (एमसीडी), दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) और परिवहन विभाग ने संयुक्त रूप से इन स्थानों की पहचान की थी।
समस्या की पहचान होने के बाद भी समाधान नहीं
इसी वर्ष जून की रिपोर्ट के मुताबिक, 215 उपायों में से 34 स्थानों पर काम पूरा हुआ था, जबकि 56 उपायों को जमीन की कमी, संकरी सड़कों, मेट्रो और अन्य निर्माण कार्यों के टकराव के कारण अव्यावहारिक बताकर छोड़ दिया गया। यानी समस्या की पहचान होने के बावजूद उसका समाधान आसान नहीं है।
जिम्मेदारियों के बंटवारे के कारण बढ़ रही परेशानी
दरअसल, ट्रैफिक पुलिस की जिम्मेदारी जाम को नियंत्रित करना, गलत पार्किंग पर चालान करना, अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई में सहयोग करना और यातायात का संचालन करना है। लेकिन सड़क चौड़ी करना, फुटओवर ब्रिज, अंडरपास और फ्लाईओवर बनाना पीडब्ल्यूडी, एमसीडी, एनएचएआइ और अन्य एजेंसियों के अधिकार क्षेत्र में आता है।
बस स्टॉप शिफ्ट करने का काम परिवहन विभाग और संबंधित बस संचालक एजेंसियों को करना होता है। ऐसे में कई स्थानों पर पुलिस की ओर से यातायात प्रबंधन के बावजूद मूल समस्या बनी रहती है।
क्या है असली समस्या?
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के बाहर भवभूति मार्ग इसका उदाहरण है। यहां पैदल यात्रियों की भीड़, ऑटो और बसों के अनियमित ठहराव से जाम लगता है। यहां सबवे या फुटओवर ब्रिज का प्रस्ताव रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्य के कारण आगे नहीं बढ़ सका।
इसी तरह तीस हजारी से कश्मीरी गेट तक बुलेवार्ड रोड पर फ्लाईओवर का प्रस्ताव सड़क की कम चौड़ाई और जटिल जंक्शन के कारण अव्यावहारिक माना गया। साउथ दिल्ली में मैक्स अस्पताल के पास सड़क चौड़ी करने के लिए जमीन उपलब्ध नहीं है।
दिल्ली के प्रमुख बॉटलनेक
मध्य दिल्ली: भवभूति मार्ग, अजमेरी गेट, कमल टी-प्वाइंट, शादिपुर चौक, बग्गा-करोल बाग सर्किल, आइएसबीटी कश्मीरी गेट, बुलेवार्ड रोड, रानी झांसी रोड, विकास मार्ग।
उत्तर दिल्ली: आजादपुर मंडी व चौक, ब्रिटानिया चौक, मधुबन चौक, मुकरबा चौक, बुराड़ी 100 फुटा रोड, मजनूं का टीला, बवाना चौक, किंग्सवे कैंप।
पूर्वी दिल्ली: आनंद विहार आइएसबीटी, कोंडली पुल, जीटीबी क्रासिंग, खजूरी चौक, सीलमपुर टी-प्वाइंट, जगतपुरी लालबत्ती, निर्माण विहार।
दक्षिण दिल्ली: आश्रम चौक, यूसुफ सराय मार्केट, आइआइटी फ्लाईओवर के नीचे, अधचिनी, एमबी रोड, खानपुर, कालिंदी कुंज, ओखला टैंक।
पश्चिमी व नई दिल्ली: पीरागढ़ी चौक, पंजाबी बाग, नजफगढ़ रोड, सरदार पटेल मार्ग, धौला कुआं, भैरों रोड, द्वारका लिंक रोड।
यह भी पढ़ें- दिल्ली में बदलने वाला है मौसम का मिजाज, कल सुबह छाएगी धुंध, IMD ने जारी किया ताजा अपडेट
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।