शपथ कराते ही 4:30 मिनट में खत्म हुई सदन की बैठक, दक्षिण जोन में बहुमत में आई BJP; कांग्रेस-आप ने किया बहिष्कार
साकेत कोर्ट के आदेश के बाद पुष्प विहार वार्ड-166 के पार्षद नरेश ने शपथ ली, जिससे दक्षिणी जोन में भाजपा को बहुमत मिल गया है। यह बैठक महज साढ़े चार मिनट में समाप्त हो गई।

निगम सदन की बैठक में पार्षद निर्वाचित होने के बाद पद व गोपनियता की शपथ लेते भाजपा पार्षद नरेश। सौजन्य: एमसीडी
HighLights
पार्षद नरेश ने शपथ ली, दक्षिणी जोन में भाजपा को बहुमत।
साकेत कोर्ट के आदेश पर नरेश को निर्वाचित घोषित किया गया।
कांग्रेस-आप ने बैठक का बहिष्कार किया, चार मिनट में खत्म हुई।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। साकेत कोर्ट के आदेश के बाद निर्वाचित घोषित हुए पुष्प विहार वार्ड-166 के पार्षद को शपथ कराने के बाद ही सोमवार को सदन की बैठक स्थगित हो गई। महापौर प्रवेश वाही की अध्यक्षता में हुई बैठक में नरेश को शपथ दिलाई गई और इसके तुरंत बाद सदन की कार्यवाही समाप्त कर दी गई।
पूरी बैठक महज चार मिनट 30 सेकंड चली। हालांकि बैठक का कांग्रेस और आप ने बहिष्कार किया और उनके कोई सदस्य नहीं पहुंचे। जबकि भाजपा के पार्षद मौजूद रहे। नरेश के पार्षद बनने से 23 सदस्यों वाले दक्षिणी जोन में भाजपा के 11 पार्षद हो गए हैं। जबकि निगम सदन में 250 में भाजपा के 143 और आप के 98 व कांग्रेस के आठ पार्षद हैं। जबकि एक पद रिक्त है।
वर्ष 2022 के निगम चुनाव में पुष्प विहार वार्ड से आम आदमी पार्टी(आप) के प्रत्याशी अरुण नावरिया ने जीत दर्ज की थी। हालांकि, चुनाव याचिका पर सुनवाई करते हुए स्थानीय अदालत ने उनका निर्वाचन रद कर दिया था। अदालत ने नामांकन पत्र में पुराने आपराधिक मामले में हुई सजा की जानकारी छिपाने को भ्रष्ट आचरण माना।
साथ ही, दूसरे स्थान पर रहे भाजपा प्रत्याशी नरेश को निर्वाचित घोषित किया। इसके बाद राज्य चुनाव आयोग ने अदालत के आदेश के अनुपालन में नरेश को पार्षद घोषित करने की अधिसूचना जारी की।
सोमवार को सुबह 10 बजे निगम सदन की विशेष बैठक में महापौर प्रवेश वाही और निगम आयुक्त संजीव खिरवार की मौजूदगी में नरेश ने शपथ ली। शपथ ग्रहण के बाद बैठक समाप्त हो गई। हालांकि निगम में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने बैठक को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मामला हाईकोर्ट में विचाराधीन है और 26 नवंबर को सुनवाई होनी है।
भाजपा को आशंका थी कि हाई कोर्ट निचली अदालत के फैसले को पलट सकता है, इसलिए जल्दबाजी में शपथ दिलाई गई। उन्होंने सवाल उठाया कि विशेष बैठक में जनहित के मुद्दों पर चर्चा क्यों नहीं की गई और जनता के लाखों रुपये खर्च कर सदन की कार्यवाही महज साढ़े चार मिनट में क्यों समेट दी गई।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।