दिल्ली के प्रीत विहार के कैफे में 22 वर्षीय युवती से सामूहिक दुष्कर्म, दो महिलाएं समेत तीन गिरफ्तार
पूर्वी दिल्ली के प्रीत विहार स्थित एक कैफे में 22 वर्षीय युवती से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने दो महिलाओं और एक युवक को गिरफ्तार किया है।

प्रीत विहार थाना पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म समेत कई धाराओं में केस दर्ज किया है।
HighLights
पूर्वी दिल्ली के प्रीत विहार कैफे में सामूहिक दुष्कर्म की घटना।
पुलिस ने दो महिलाओं और एक युवक को किया गिरफ्तार।
दिल्ली महिला आयोग ने तीन दिन में मांगी रिपोर्ट।
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। प्रीत विहार इलाके में एक कैफे में 22 वर्षीय युवती से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। वारदात के बाद पुलिस ने कैफे को सील कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने दो महिलाओं और एक युवक को गिरफ्तार किया है।
तीन अन्य आरोपितों की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। पीड़िता व आरोपित कड़कड़डूमा के एक कैफे में काम करते हैं। पार्टी करने प्रीत विहार क्षेत्र के कैफे में गए थे। प्रीत विहार थाना पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म समेत कई धाराओं में केस दर्ज किया है।
सुबह करीब 3:30 बजे पार्टी कर सभी कैफे से निकले
पुलिस के अनुसार पीड़िता सोमवार रात करीब एक बजे अपने छह सहकर्मियों के साथ प्रीत विहार स्थित एक कैफे में पार्टी करने गई थी। पार्टी में पीड़िता के अलावा दो अन्य महिलाएं वा चार युवक शामिल थे। वहां सभी ने पहले शराब पी। इसके बाद सुबह करीब 3:30 बजे पार्टी कर सभी कैफे से निकले।
युवती ने आरोप लगाया कि दो युवकों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। बाकी लोगों पर आरोपितों का साथ देने का आरोप लगाया। जांच में पता चला कि जिस कैफे में वारदात हुई है, वह सोमवार रात को करीब 11 बजे बंद हाे गया था।
वारदात को अंजाम देने वाला एक आरोपित उस कैफे के एक कर्मचारी को पहले से जानता था। उसने उस कर्मचारी से कैफे की चाबी ली थी और पार्टी की थी। पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
महिला आयोग ने तीन दिन में मांगी रिपोर्ट
मामले में दिल्ली महिला आयोग ने स्वत: संज्ञान लेते हुए पुलिस से तीन दिन में मामले की रिपोर्ट तलब की है। महिला आयोग के अनुसार इस मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और इसकी रिपोर्ट तैयार कर आयोग को सौंपी जाए। आयोग की अध्यक्ष लता गुप्ता ने कहा कि किसी भी महिला के साथ अत्याचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।