SpiceJet की बिगड़ती हालत पर FIP ने जताई चिंता, उड्डयन मंत्री को लिखा पत्र; विमानन सुरक्षा के लिए बताया खतरा
फेडरेशन ऑफ इंडियन पायलट्स ने स्पाइसजेट की बिगड़ती वित्तीय स्थिति पर नागरिक उड्डयन मंत्री को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
-1795358691119_m.webp)
स्पाइसजेट संकट पर पायलट संघ ने चेतावनी दी। फोटो- जागरण आर्काइव
HighLights
पायलट संघ ने स्पाइसजेट की वित्तीय स्थिति पर चिंता जताई।
वित्तीय दबाव से पायलटों में तनाव, सुरक्षा जोखिम बढ़ने की आशंका।
डीजीसीए से तत्काल वित्तीय और सुरक्षा समीक्षा की मांग।
जागरण संवददाता, नई दिल्ली। फेडरेशन ऑफ इंडियन पायलट्स ने नागरिक उड्डयन मंत्री को पत्र लिखकर स्पाइसजेट की बिगड़ती वित्तीय और परिचालन स्थिति पर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
फेडरेशन के अध्यक्ष कैप्टन सीएस रंधावा के अनुसार, यह स्थिति केवल कॉरपोरेट मामला नहीं है, बल्कि यात्रियों, कर्मचारियों, पायलटों और विमानन सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय है।
डीजीसीए ने कारण बताओ नोटिस जारी कर मांगा जवाब
वर्ष 2014 में लगभग 21 प्रतिशत घरेलू बाजार हिस्सेदारी रखने वाली स्पाइसजेट की हिस्सेदारी अक्टूबर 2026 में घटकर करीब 0.6 प्रतिशत रह गई है। पत्र में गंभीर नकदी संकट, विमानों की ग्राउंडिंग, पायलटों व अन्य कर्मचारियों के वेतन में महीनों की देरी, उड़ानों के रद्द होने और एयरपोर्ट व ईंधन कंपनियों के बकाया का उल्लेख किया गया है।
डीजीसीए ने भी 17 नवंबर 2026 को कारण बताओ नोटिस जारी कर सात दिन में जवाब मांगा है, जबकि एयरलाइन के बोर्ड ने 5,500 करोड़ रुपये तक जुटाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है।
FIP ने दी चेतावनी
एफआईपी ने चेताया कि वित्तीय तनाव से पायलटों में मानसिक तनाव और थकान बढ़ सकती है, जिससे मानवीय त्रुटि का जोखिम बढ़ता है, वहीं रखरखाव और कलपुर्जों की उपलब्धता में देरी भी सुरक्षा को प्रभावित कर सकती है।
एफआइपी ने डीजीसीए से स्पाइसजेट की तत्काल वित्तीय व सुरक्षा समीक्षा कराने, सभी अनुसूचित एयरलाइंस की वार्षिक वित्तीय निगरानी को सख्त करने, संकटग्रस्त कंपनियों की तिमाही जांच करने तथा एटीएफ पर वैट व अन्य शुल्कों में राहत और सशर्त कार्यशील पूंजी सहायता पर विचार करने का आग्रह किया है।