दिल्ली में नर्सरी दाखिले के लिए आज 1700 से ज्यादा स्कूल बताएंगे नियम और अंक, मनमानी पर शिक्षा निदेशालय की नजर
दिल्ली के निजी स्कूलों में नर्सरी, केजी और पहली कक्षा के दाखिले के नियम आज से स्पष्ट होंगे। 1700 से अधिक स्कूल अपनी वेबसाइट पर दाखिला मानदंड और अंकों का ब्योरा अपलोड करेंगे, जिसके बाद 1 दिसंबर से आवेदन शुरू होंगे।

दिल्ली के निजी स्कूलों में नर्सरी, केजी और पहली कक्षा में दाखिले को लेकर आज से तस्वीर साफ होने लगेगी।
HighLights
आज से निजी स्कूलों के दाखिला मानदंड अपलोड होंगे।
1700 से अधिक स्कूलों को नियम सार्वजनिक करने होंगे।
शिक्षा निदेशालय दाखिला प्रक्रिया पर कड़ी निगरानी रखेगा।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली के निजी स्कूलों में नर्सरी, केजी और पहली कक्षा में दाखिले को लेकर आज से तस्वीर साफ होने लगेगी। शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए 1700 से अधिक निजी स्कूल रविवार से अपनी वेबसाइट पर दाखिला मानदंड और अंकों का ब्योरा अपलोड करेंगे।
शिक्षा निदेशालय ने स्कूलों को निर्धारित समयसीमा में दाखिले के नियम सार्वजनिक करने के निर्देश दिए हैं। ऐसा नहीं करने वाले स्कूलों की दाखिला प्रक्रिया पर रोक लगाई जा सकती है। राजधानी में सवा लाख से अधिक सीटों पर दाखिले के लिए एक दिसंबर से आवेदन शुरू होंगे।
हर जानकारी करनी होगी अपलोड
शिक्षा निदेशालय की निजी स्कूल शाखा के निर्देशों के मुताबिक, स्कूलों को प्रवेश स्तर की कक्षाओं की सामान्य श्रेणी यानी ओपन सीटों पर दाखिले के लिए अपनाए जाने वाले प्रत्येक मानदंड और उसके निर्धारित अंकों की जानकारी 26 नवंबर तक शिक्षा निदेशालय की वेबसाइट www.edudel.nic.in पर अपलोड करनी होगी। इसमें ईडब्ल्यूएस, डीजी और सीडब्ल्यूएसएन श्रेणी की सीटें शामिल नहीं हैं।
जानकारी न देने पर गिरेगी गाज
इस बार दाखिला प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए स्कूलों की ओर से दी गई जानकारी का मिलान उनकी वेबसाइट पर उपलब्ध विवरण से भी किया जाएगा। दोनों जगह अलग-अलग जानकारी मिलने पर स्कूलों को जवाब देना पड़ सकता है। वहीं, निर्धारित समय तक मानदंड अपलोड नहीं करने वाले स्कूलों की दाखिला प्रक्रिया 30 नवंबर से रोक दी जाएगी।
जिला स्तर पर होगी निगरानी, अभिभावक कर सकेंगे शिकायत
दाखिला प्रक्रिया में स्कूलों की मनमानी रोकने के लिए प्रत्येक जिले में निगरानी सेल गठित की जाएगी। संबंधित जिले के उप शिक्षा निदेशक इसके प्रमुख होंगे। यह सेल न केवल स्कूलों की ओर से अपलोड किए गए मानदंडों की निगरानी करेगी, बल्कि अभिभावकों की शिकायतों का निपटारा भी करेगी। अभिभावक जिला शिक्षा कार्यालय में ऑफलाइन या निदेशालय के आनलाइन शिकायत पोर्टल पर शिकायत दर्ज करा सकेंगे।
पंजीकरण शुल्क 25 रुपये निर्धारित किया गया
स्कूलों को ऐसे दाखिला मानदंड अपनाने की अनुमति नहीं होगी, जिन्हें शिक्षा विभाग पहले ही समाप्त कर चुका है। अभिभावक निदेशालय की वेबसाइट के 'व्हाट्स न्यू' सेक्शन में एडमिशन क्राइटेरिया (2027-28) के तहत स्कूलवार जानकारी देख सकेंगे। एक दिसंबर से आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी और पंजीकरण शुल्क 25 रुपये निर्धारित किया गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।