NSD में नाटकों के जरिये दिखा मीडिया का बदलता स्वरूप और रियलिटी शो का सच
राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (NSD) के छात्रों ने 'ऑन एयर' और 'सत्य लाइव' नामक दो नाटकों का मंचन किया।

भारतीय मीडिया की यात्रा और टीआरपी की हकीकत। जागरण
HighLights
एनएसडी छात्रों ने मीडिया के बदलते स्वरूप पर नाटक मंचित किए।
'ऑन एयर' ने भारतीय मीडिया की यात्रा को दिलचस्प ढंग से दिखाया।
'सत्य लाइव' ने रियलिटी शो की टीआरपी की सच्चाई खोली।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। एक दौर था जब रेडियो की आवाज घर-घर तक खबर पहुंचाती थी। फिर टेलीविजन आया और खबरों के साथ तस्वीरें भी लोगों की जिंदगी का हिस्सा बन गईं। आज मोबाइल के कैमरे से इंसान हर पल दुनिया के बीच है।
लेकिन, क्या इस चमकती दुनिया में दिखने वाला हर चेहरा व कहानी सच है और क्या टीआरपी और मनोरंजन के लिए किसी की पूरी जिंदगी को पर्दे पर उतारा जा सकता है?
इसी विषय पर राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (एनएसडी) के विद्यार्थियों द्वारा दो नाटकों आन एयर और सत्य लाइव का मंचन किया गया । इन नाटकों के माध्यम से नाट्य कलाकारों ने मीडिया की इसी दुनिया के अनछुए पहलुओं को मंच पर उतारा।
निखिल मेहता के निर्देशन में पेश हुई भारतीय मीडिया की यात्रा
निखिल मेहता के निर्देशन में ऑन एयर ने भारतीय मीडिया की यात्रा को दिलचस्प ढंग से पेश किया। 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान गुप्त रेडियो प्रसारण से शुरू हुई कहानी आकाशवाणी, दूरदर्शन, निजी समाचार चैनलों और सोशल मीडिया तक पहुंचती है।
अलग- अलग दौर के कलाकारों, समाचार प्रसारकों और आम परिवारों की कहानियों के जरिये दिखाया कि मीडिया के बदलते स्वरूप ने समाज और लोगों की सोच को किस तरह प्रभावित किया।
रियलिटी शो की दुनिया का सच
दूसरी ओर अमितेश ग्रोवर के निर्देशन में सत्य लाइव ने रियलिटी शो की दुनिया के पीछे छिपे खेल को सामने रखा। नाटक का मुख्य पात्र सत्य अपनी सामान्य जिंदगी जी रहा है, लेकिन उसे नहीं पता कि उसका परिवार, दोस्त और करीबी सभी अभिनय कर रहे हैं।
उसकी हर गतिविधि कैमरे में कैद हो रही है और उसकी जिंदगी की पटकथा टीआरपी के लिए लिखी जा रही है। जब सत्य को इस सच्चाई का एहसास होता है तो रिश्तों पर भरोसे से लेकर अपनी आजादी तक हर चीज सवालों के घेरे में आ जाती है।
एनएसडी परिसर में मंचित दोनों प्रस्तुतियों ने दर्शकों के मनोरंजन के साथ एक गंभीर सवाल छोड़ा कि मीडिया की दुनिया में खबर, मनोरंजन और निजी जिंदगी के बीच की सीमा आखिर कहां खत्म होती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।