शाम में साफ, रात में जहरीली हो जाती है दिल्ली की हवा; 8 साल के आंकड़ों में चौंकाने वाला खुलासा
एक अध्ययन के अनुसार, दिल्ली में वायु प्रदूषण (PM2.5) समय, दिन और मौसम के अनुसार काफी बदलता है, जिसमें रात में हवा की परत पतली होने के कारण प्रदूषण अधिक होता है।

दिल्ली में रात 10 बजे दोगुना हो जाता है प्रदूषण का स्तर (फोटो: ANI)
HighLights
रात 10 बजे दिल्ली में PM2.5 का स्तर सर्वाधिक होता है।
सर्दियों में मिक्सिंग लेयर पतली होने से प्रदूषण बढ़ता है।
उद्योग, बिजली घर, कचरा जलाना प्रदूषण के मुख्य स्रोत।
संजीव गुप्ता, नई दिल्ली। धीरे धीरे बढ़ रही सर्दी के साथ दिल्ली की हवा फिर से दमघोंटू है। हम प्रदूषण को आमतौर पर दिनभर के औसत एक्यूआइ से आंकते हैं, लेकिन 2018 से 2025 तक दिल्ली के निगरानी स्टेशनों के घंटेवार आंकड़े बताते हैं कि आप किस समय घर से निकलते हैं एवं इससे बड़ा फ़र्क पड़ता है।
थिंक टैंक एनवायरोकैटलिस्ट्स द्वारा आठ सालों के आंकड़ों का विश्लेषण करने पर सामने आया है कि सर्दियों में बारीक कण (पीएम 2.5) शाम करीब 4 बजे सबसे कम, 114 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर, और रात 10 बजे सबसे ज्यादा 211, होते हैं यानी तकरीबन दोगुना। अक्टूबर और नवंबर में सबसे ख़राब समय सुबह नौ बजे है।
इसकी सबसे बड़ी वजह है मिक्सिंग लेयर, हवा की वह परत जिसमें प्रदूषण घुलता है। सर्दियों की रातों में यह अक्सर 100 मीटर से भी पतली होती है, जबकि दोपहर तक करीब एक किलोमीटर। यानी वही धुआं रात में दस गुना छोटी जगह में कैद हो जाता है। उसी वक्त शाम का ट्रैफ़िक, रात में शहर में घुसने वाले भारी ट्रक और ठंड से बचने के लिए जलाए अलाव बोझ और बढ़ा देते हैं।
छुट्टी नहीं मनाते प्रदूषण के स्रोत
एनवायरोकैटलिस्ट्स के संस्थापक और मुख्य विश्लेषक सुनील दहिया बताते हैं कि मौसम का असर हटाकर रविवार को नाइट्रोजन डाइआक्साइड करीब पांच कम रहती है, यानी ट्रैफ़िक कम। लेकिन पीएम 2.5 केवल 2.5 प्रतिशत घटता है।
26 जनवरी, 15 अगस्त, दो अक्टूबर व 25 दिसंबर को गिरावट बड़ी रही है- नाइट्रोजन डाइआक्साइड करीब 13 प्रतिशत और कण 10–12 प्रतिशत। यानी बारीक कणों का बड़ा हिस्सा उन स्रोतों से आता है जो छुट्टी नहीं मनाते। मसलन, उद्योग, बिजली घर, कचरा और बायोमास जलाना, धूल और पड़ोसी राज्यों से बहकर आता प्रदूषण।
नवंबर सबसे भारी
नवंबर सबसे प्रदूषित महीना है (औसत 219), फिर दिसंबर (199) और जनवरी (180)। अगस्त सबसे साफ़ है (34)। नवंबर में पराली, पटाखे और पहली ठंड, ठहरी रातें एक साथ आती हैं।
रोज के उतार-चढ़ाव का करीब दो-तिहाई हिस्सा मौसम तय करता है, मगर नवंबर-जनवरी के सबसे हवादार दिनों में भी औसत 150 रहा है- राष्ट्रीय मानक का ढाई गुना। यानी उत्सर्जन जमीन तय करता है और मौसम सिर्फ उछाल।
इस साल की राहत वर्षा की देन
इस साल एक जनवरी से 15 नवंबर तक उन्हीं 30 पुराने स्टेशनों पर (नए स्टेशन कम रीडिंग देते हैं) पीएम 2.5 का औसत 80 रहा, 2025 (82) से मामूली कम। अक्टूबर में लगभग 114 मिमी वर्षा हुई और पीएम 2.5 पिछले साल के 112 के मुकाबले 78 रहा। मौसम का असर हटाएं तो पीएम 2.5 पिछले साल जितना ही है।
बचाव के उपाय
- घंटेवार एक्यूआइ देखकर घर से निकलें।
- सर्दियों में सैर, दौड़ और बच्चों का खेल दोपहर एक से पांच बजे रखें।
- रात और सुबह खिड़कियां बंद रखें।
- खराब दिनों में एन 95 मास्क पहनें, सोने के कमरे में प्यूरीफायर चलाएं।
- गर्मियों की दोपहर में दमा के मरीज ओजोन से सावधान रहें।
बीते रविवार का मामूली असर और वर्षा से मिली राहत, दोनों बताते हैं कि सिर्फ़ ट्रैफ़िक पाबंदियों या अच्छे मौसम के भरोसे दिल्ली की हवा साफ नहीं होगी। परिवहन, उद्योग, बिजली और कचरे से उत्सर्जन में पूरे एयरशेड में सालभर कटौती ही स्थायी हल है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।