ईपीएफओ के पेंशनभोगी डिजिटली भी जमा कर सकते है जीवन प्रमाण पत्र
ईपीएफओ पेंशनभोगी अब साल के किसी भी महीने में अपना जीवन प्रमाण पत्र जमा कर सकते हैं, जिसकी वैधता पूरे एक वर्ष तक रहेगी। डिजिटल माध्यमों जैसे उमंग ऐप, जीवन प्रमाण ऐप और डाकघर सेवाओं से इसे घर बैठे जमा किया जा सकता है, साथ ही पुराने विवादों के लिए विश्वास योजना-2026 भी प्रभावी है।

नवंबर माह में प्रमाण पत्र जमा करने की बाध्यता समाप्त।
HighLights
पेंशनभोगी किसी भी महीने में जीवन प्रमाण पत्र जमा कर सकते हैं।
डिजिटल माध्यमों से घर बैठे प्रमाण पत्र जमा करने की सुविधा।
पुराने विवादों के लिए विश्वास योजना-2026, 29 दिसंबर तक प्रभावी।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) के पेंशनभोगी वर्ष के किसी भी महीने में अपना जीवन प्रमाण पत्र जमा कर सकते हैं। इसकी वैधता पूरे एक वर्ष तक बनी रहेगी। क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त शोभित सिंघल ने बताया कि डिजिटल व्यवस्था लागू होने से ऐसे पेंशनभोगी जिनकी पेंशन जीवन प्रमाण पत्र की अवधि समाप्त होने से रुक गई है तो वो घर बैठे या नजदीकी माध्यमों से प्रमाण पत्र जमा कर पेंशन को पुनः शुरू करा सकते हैं।
पेंशनभोगी स्मार्टफोन पर उमंग ऐप या जीवन प्रमाण ऐप से डिजिटल प्रमाण पत्र जमा कर सकते हैं। इसके अलावा डाकघर या इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक के हेल्पलाइन नंबरों के जरिए घर पर ग्रामीण डाक सेवक से भी यह प्रक्रिया पूर्ण करा सकते है। बताया कि पुराने विवादों को सुलझाने के लिए 29 दिसंबर तक ईपीएफओ की विश्वास योजना-2026 प्रभावी रहेगी।
इसके तहत 14 जून 2024 से पहले की चूक से जुड़े ईपीएफ व विविध उपबंध अधिनियम, 1952 की धारा 14बी के तहत लंबित क्षतिपूर्ति विवादों का समाधान किया जा सकेगा। इसके अलावा निजी भविष्य निधि ट्रस्टों के लिए भी ईपीएफओ ने एमनेस्टी योजना-2026 भी 29 दिसंबर तक चलेगी।
निधि आपके निकट 27 नवंबर को
ईपीएफओ 27 नवंबर को क्षेत्रीय कार्यालय समेत 10 जिलों में निधि आपके निकट के तहत कैंप लगाकर पेंशनभोगियों, नियोक्ताओं की समस्या का समाधान करेगा। क्षेत्रीय कार्यालय में विश्वास हेल्प डेस्क बनाया गया है। इसके साथ ही 0542-2585339 व 2585738 पर संपर्क किया जा सकता है।