Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    तेज बहाव में नहीं काम आई तैराकी, पेड़ पर चढ़े युवक को पांच घंटे की मेहनत के बाद निकाला बाहर

    Updated: Thu, 04 Sep 2025 10:18 PM (IST)

    दिल्ली में यमुना नदी में आई बाढ़ के बीच यमुना बाजार के पास एक युवक तेज बहाव में बहकर पेड़ पर फंस गया। मीडिया और एनडीआरएफ की मदद से पांच घंटे के बाद उसे सुरक्षित निकाला गया। वजीराबाद से तैरकर आए युवक को एनडीआरएफ और पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया। अधिकारियों ने बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों से दूर रहने की चेतावनी दी है।

    Hero Image
    पेड़ पर चढ़े युवक को पांच घंटे की मेहनत के बाद निकाला बाहर।

    जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। यमुना नदी में आई बाढ़ के बीच गुरुवार दोपहर लोहे के पुल (यमुना बाजार) के पास एक युवक की जान पर संकट उस वक्त आ गया, जब वह तेज बहाव में बहकर पेड़ पर फंस गया। चारों तरफ अफरातफरी का माहौल था। नीचे गिरते ही वह बाढ़ की धारा में तिनके की तरह बह सकता था। लेकिन मौके पर मौजूद मीडियाकर्मियों की सुझबूझ और एनडीआरएफ की कड़ी मशक्कत से आखिरकार उसकी जान बच गई।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    लोगों का कहना है कि वजीराबाद से तैरते हुए वह यहां तक आ गया था। अचानक पानी का बहाव इतना तेज हुआ कि उसकी ताकत जवाब दे गई। जान बचाने के लिए उसने पास ही एक पेड़ का सहारा लिया और उस पर चढ़ गया। दोपहर करीब 12 बजे वह मदद के लिए जोर-जोर से चिल्ला रहा था। तभी वहां मौजूद मीडियाकर्मियों ने उसकी आवाज सुनी और तुरंत एनडीआरएफ व दिल्ली पुलिस को सूचना दी।

    सूचना मिलते ही एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। लेकिन तेज धारा और गहराई के कारण आपरेशन बेहद चुनौतीपूर्ण था। टीम को स्थानीय लोगों की मदद भी लेनी पड़ी, जिसने बचाव कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पेड़ पर फंसे युवक को सुरक्षित निकालने में एनडीआरएफ और दिल्ली पुलिस की टीम को पांच घंटे से अधिक समय लग गया। इस दौरान टीम को कई बार असफलताओं का सामना करना पड़ा, मगर आखिरकार उनकी मेहनत रंग लाई और युवक को सकुशल बाहर निकाल लिया गया।

    जैसे ही युवक पानी से बाहर आया, वहां मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। चारों तरफ तालियां गूंज उठीं और एनडीआरएफ की बहादुरी की जमकर सराहना हुई। युवक ने भी सुरक्षित बाहर आने के बाद एनडीआरएफ और पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। उसे तुरंत दिल्ली पुलिस की गाड़ी से स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई है।

    एनडीआरएफ के अधिकारियों ने कहा कि इतनी तेज धारा में किसी भी व्यक्ति को सुरक्षित निकालना आसान नहीं था। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों और यमुना नदी के डूब क्षेत्र से दूर रहें। उन्होंने चेतावनी दी कि नदी का बहाव बेहद खतरनाक है और वहां जाने की कोशिश न करें।

    comedy show banner
    comedy show banner