संजय वन को नया स्वरूप देने की डीडीए ने की तैयारी, ले सकेंगे प्रकृति से रूबरू होने का आनंद
राजधानी में पर्यावरण पर्यटन (इको टूरिज्म) को बढ़ावा देने के लिए दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) दक्षिणी दिल्ली स्थित संजय वन को नया स्वरूप देने की तैयारी कर रहा है। यहां आकर लोग प्रकृति के बीच कुछ पल व्यतित कर सकेंगे।

नई दिल्ली, राज्य ब्यूरो। राजधानी में पर्यावरण पर्यटन (इको टूरिज्म) को बढ़ावा देने के लिए दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) दक्षिणी दिल्ली स्थित संजय वन को नया स्वरूप देने की तैयारी कर रहा है। यहां आकर लोग प्रकृति के बीच कुछ पल व्यतित कर सकेंगे। प्रकृति के साथ रूबरू होने के साथ ही रोमांचक गतिविधियों में भाग लेने का भी अवसर मिलेगा। निजी भागीदारी के तहत यहां पर्यावरण आधारित पर्यटन को बढ़ावा दिया जाएगा। इसके लिए डीडीए ने संजय वन में प्रकृति आधारित शिक्षण और साहसिक गतिविधियों के स्वरूप / विकास/ स्थापना/ संचालन और रखरखाव के लिए रुचि की अभिव्यक्ति (एक्सप्रेशन आफ इंटरेस्ट-ईओआइ) के लिए आवेदन आमंत्रित किया हैं। 23 मार्च तक आवेदन जमा किया जा सकता है।
डीडीए अधिकारियों का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य लोगों को प्रकृति के प्रति जागरूक कर उसके नजदीक लाना है। महानगर की भाग दौड़ से दूर कुछ पल प्रकृति के साथ लोग व्यतित कर सकें। संजय वन इसके लिए उपयुक्त स्थान है। वसंत कुंज के पास लगभग 783 एकड़ क्षेत्र में फैला यह वन दक्षिण मध्य रिज का हिस्सा है। इसे आरक्षित वन के रूप में अधिसूचित किया गया है। यह शहर के सबसे घने जंगलों में से एक है। प्राकृतिक विरासत के साथ ही इसके कई हिस्सों में घने जंगल वाले क्षेत्र हैं जिसमें विभिन्न प्रकार की वनस्पतियां और जीव हैं। यह प्रकृति से प्रेम करने वालों के लिए आदर्श जगह है। इसे ध्यान में रखकर यहां प्रकृति से संबंधित जानकारी हासिल करने और साहसिक गतिविधियों के लिए सुविधा उपलब्ध कराने का फैसला किया गया है।
संजय वन में आकर लोग नेचर वाक (प्रकृति की सैर), पक्षियों को देखना और वनस्पतियों व जीवों का अवलोकन कर सकेंगे। बच्चों के शैक्षिक गतिविधियां आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही लोग राक क्लाइम्बिंग, बोल्डरिंग जैसी कई गतिविधियों में शामिल हो सकेंगे। इस तरह की गतिविधियां बीच-बीच में आयोजित की जाती हैं, लेकिन इसे और सुविधाजनक और नियमति बनाने की तैयारी है।
अधिकारियों के अनुसार यह कोशिश की जा रही है प्रत्येक उम्र वर्ग के लोग यहां आकर अपने आप को तरोताजा महसूस। इसके लिए इस साइट का पूरा विश्लेषण किया गया है। विभिन्न गतिविधियों के लिए अलग-अलग जोन बनाए जाएंगे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।