Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    ग्रेटर नोएडा में इंडिया एक्सपो मार्ट की तैयारियां परखने पहुंचे सीएम योगी, भारत-रूस आर्थिक साझेदारी को मिलेगा बढ़ावा

    Updated: Fri, 19 Sep 2025 02:45 PM (IST)

    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक करके विभिन्न पहलुओं पर जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिए। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य भारत और रूस के बीच व्यापारिक और आर्थिक सहयोग को बढ़ावा देना है।

    Hero Image
    ग्रेटर नोएडा में इंडिया एक्सपो मार्ट की तैयारियां परखने पहुंचे सीएम योगी, भारत-रूस आर्थिक साझेदारी को मिलेगा बढ़ावा

    जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट पहुंचे। इस बीच सीएम योगी का पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह और सांसद महेश शर्मा ने किया स्वागत किया। स्वागत में जेवर विधायक और बीजेपी के कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। एक्स्पो मार्ट का जायजा करने के बाद वे तीनों प्राधिकरण और एक्सपो मार्ट के अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    पीएम मोदी करेंगे उद्घाटन

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के तीसरे संस्करण की तैयारियों समीक्षा करने के लिए शुक्रवार को ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट पहुंचे। इस बीच उन्होंने लगभग एक घंटे विभिन्न विभागों के अधिकारियों से विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी लेकर निर्देशित किया। आयोजन में कंट्री पार्टनर रूस है। ट्रेड शो का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी करेंगे। उद्घाटन में कई देशों के राजनयिक भी शामिल भी होंगे। इसलिए मुख्यमंत्री खुद तमाम तैयारियों और व्यवस्थाओं पर नजर रख रहे हैं।

    स्टाॅल लगाने वालों से की बातचीत

    मुख्यमंत्री योगी राजकीय विमान से गाजियाबाद स्थित हिंडन एयरपोर्ट पहुंचे थे। वहां से हेलीकॉप्टर से एक बजे के करीब इंडिया एक्सपो मार्ट पहुंचे। बैठक के अलावा ट्रेड शो के आयोजनस्थल वाली जगह का निरीक्षण कर स्टाॅल लगाने वाले लोगों के बारे में जानकारी ली।

    बढ़ेंगे रोजगार और विकास के अवसर 

    कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य भारत और रूस के बीच व्यापारिक और आर्थिक सहयोग को नई ऊंचाई पर ले जाना, तकनीकी सहयोग को बढ़ावा देना और संयुक्त उपक्रमों को प्रोत्साहित करना है। बैंकिंग एवं निवेश, बीमा, शिक्षा और सामान्य व्यापार जैसे क्षेत्रों पर विशेष चर्चा होगी। इससे दोनों देशों के बीच न केवल आर्थिक संबंध मजबूत होंगे, बल्कि प्रदेश के उद्योग और कारोबारी भी लाभान्वित होंगे।

    संवाद में तकनीकी हस्तांतरण, क्षमता निर्माण और नए निवेश मॉडल पर भी विचार किया जाएगा। विशेषज्ञों का मानना है कि रूस और भारत की साझेदारी शिक्षा, बीमा और निवेश क्षेत्रों में नई संभावनाओं को जन्म देगी। साथ ही, उत्तर प्रदेश में चल रही औद्योगिक नीतियों और मेगा प्रोजेक्ट्स में रूस की कंपनियों की भागीदारी से रोजगार और विकास के अवसर और बढ़ेंगे।

    आर्थिक रिश्तों को मिलेगी नई गति 

    इस आयोजन से उम्मीद है कि भारत और रूस के बीच आर्थिक रिश्तों को नई गति मिलेगी और उत्तर प्रदेश एक ग्लोबल इन्वेस्टमेंट हब के रूप में अपनी स्थिति को और मजबूत करेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का विज़न है कि प्रदेश न केवल देश बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी निवेशकों के लिए पहला विकल्प बने। यह बिजनेस डायलॉग उसी दिशा में एक ऐतिहासिक कदम साबित होगा।

    यह भी पढ़ें- पीएम मोदी ने शुरू किया ‘स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान’, सीएम योगी ने राज्य को दी 20324 स्वास्थ्य शिविरों की सौगात