विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 08, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

दिल्ली में पिछले दो दिन से बढ़ रहा यमुना का जलस्तर घटा, बाढ़ आने का खतरा टला

Published: Fri, 08 Aug 2025 10:55 PM (IST)

पिछले दो दिनों से बढ़ रहा यमुना का जलस्तर अब घटने लगा है और यह चेतावनी स्तर से नीचे चला ...और पढ़ें

चेतावनी स्तर से नीचे आया यमुना का पानी।
चेतावनी स्तर से नीचे आया यमुना का पानी।

HighLights

  1. यमुना का जलस्तर चेतावनी स्तर से नीचे
  2. हथनी कुंड से कम पानी छोड़ा गया
  3. निगरानी केंद्रों से स्थिति पर नजर

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। पिछले दो दिनों से यमुना का पानी लगातार बढ़ रहा था। अब उसमें गिरावट आने लगी है। शुक्रवार देर शाम आठ बजे यह चेतावनी स्तर से नीचे आ गया है।

हरियाणा के हथनी कुंड से पानी भी अब कम छोड़ा जा रहा है। इससे फिलहाल दिल्ली में बाढ़ का खतरा टल गया है। लेकिन, निचले क्षेत्र में सतर्कता बरती जा रही है।

बृहस्पतिवार को सुबह चार बजे लोहा पुल के पास यमुना का पानी इस मानसून में पहली बार चेतावनी स्तर 204.5 मीटर को पार कर गया था। उसके बाद भी पानी का स्तर लगातार बढ़ रहा था।

शुक्रवार तड़के तीन बजे यह 205.15 मीटर तक पहुंच गया, लेकिन उसके बाद इसमें गिरावट आने लगी। दोपहर एक बजे यह 205 मीटर से नीचे आ गया था।

शाम आठ बजे यह चेतावनी स्तर से भी नीचे आ गया। सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के अधिकारियों का कहना है कि हथनी कुंड से पिछले दिनों 50 हजार क्यूसेक से अधिक पानी छोड़ा जा रहा था।

अब इसमें कमी आ गई है। मध्य रात्रि को एक बजे 30 हजार पानी छोड़ा गया था। शाम सात बजे 26935 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है।

हथनी कुंड से कम पानी छोड़े जाने के कारण दिल्ली में यमुना का जलस्तर नीचे आ रहा है। बृहस्पतिवार को यमुना बाजार सहित कई निचले क्षेत्रों में लोगों के घर तक पानी पहुंच गया था।

जल मंत्री प्रवेश वर्मा ने अधिकारियों के साथ वर्तमान स्थिति की जानकारी लेने के साथ ही बाढ़ नियंत्रण की तैयारी की समीक्षा की थी।

लोगों को नदी के किनारों से दूर रहने को कहा गया है। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल पानी कम हो रहा है, लेकिन सावधानी आवश्यक है। निगरानी केंद्रों से स्थिति पर नजर रखी जा रही है।