दिल्ली में बाढ़ को लेकर क्या हैं हालात? चेतावनी स्तर के कितने करीब है यमुना का पानी; पढ़ें लेटेस्ट अपडेट
दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान के करीब होने के बावजूद अब घट रहा है। सिंचाई विभाग निचले इलाकों में सावधानी बरत रहा है। यमुना विहार में पानी भरने के बाद प्रशासन ने राहत शिविर बनाए हैं। हथनी कुंड से पानी कम छोड़ने के कारण जलस्तर में कमी आई है। नियंत्रण कक्ष यमुना के जलस्तर पर लगातार नजर रख रहा है और बचाव दल तैनात हैं।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। यमुना में पानी का स्तर कम हुआ है लेकिन यह चेतावनी स्तर 204.5 मीटर के नजदीक बना हुआ है। इससे सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग द्वारा निचले क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। लोगों को नदी से दूर रहने की सलाह दी जा रही है।
19 अगस्त को दोपहर में दिल्ली के लोहा पुल के पास यमुना का पानी 205.7 मीटर तक पहुंच गया था। इससे यमुना विहार सहित कई निचले क्षेत्रों में लोगों के घरों में पानी पहुंच गया था। 206 मीटर का स्तर पहुंचने पर निचले क्षेत्र को खाली कराना पड़ता है। इसे ध्यान में रखकर प्रशासन ने राहत शिविर तैयार किए हैं।
अधिकारियों का कहना है कि मंगलवार के बाद यमुना के जलस्तर में कमी आ रही है। हथनी कुंड से भी पहले की तुलना में कम पानी छोड़ा जा रहा है। शुक्रवार को तड़के तीन बजे यमुना का पानी 204.43 मीटर था। अपराह्न तीन बजे यह कम होकर 204.27 मीटर रह गया है। शुक्रवार को हथनी कुंड से प्रत्येक घंटे लगभग 30 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।
अधिकारियों का कहना है कि हथनी कुंड से अधिक पानी छोड़े जाने पर दिल्ली में नदी का स्तर बढ़ सकता है। इसे ध्यान में रखकर पूरी सतर्कता बरती जा रही है। 14 स्थानों पर नाव के साथ राहत व बचाव कार्य के लिए टीम तैनात की गई है। नियंत्रण कक्ष से यमुना में पानी की स्थिति की निगरानी की जा रही है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।