Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    दिल्ली में यमुना का जलस्तर घटा, फिर भी चेतावनी बरकरार; निचले इलाकों में सतर्कता

    Updated: Sat, 23 Aug 2025 08:06 AM (IST)

    यमुना नदी में जल स्तर घटने के बावजूद यह चेतावनी स्तर 204.5 मीटर के करीब है। सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग निचले इलाकों में सतर्कता बरत रहा है लोगों को नदी से दूर रहने की सलाह दी जा रही है। यमुना विहार जैसे क्षेत्रों में पानी घुसने के बाद प्रशासन ने राहत शिविर बनाए हैं। हथनी कुंड से कम पानी छोड़ने से जल स्तर में कमी आई है।

    Hero Image
    चेतावनी स्तर के पास यमुना का पानी। फाइल फोटो

    राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। यमुना में पानी का स्तर कम हुआ है, लेकिन यह चेतावनी स्तर 204.5 मीटर के नजदीक बना हुआ है। इससे सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग द्वारा निचले क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। लोगों को नदी से दूर रहने की सलाह दी जा रही है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    बीती 19 अगस्त को दोपहर में दिल्ली के लोहा पुल के पास यमुना का पानी 205.7 मीटर तक पहुंच गया था। इससे यमुना विहार सहित कई निचले क्षेत्रों में लोगों के घरों में पानी घुस गया था। 206 मीटर का स्तर पहुंचने पर निचले क्षेत्र को खाली कराना पड़ता है।

    इसे ध्यान में रखकर प्रशासन ने राहत शिविर तैयार किए हैं। अधिकारियों का कहना है कि मंगलवार के बाद यमुना के जलस्तर में कमी आ रही है। हथनी कुंड से भी पहले की तुलना में कम पानी छोड़ा जा रहा है। शुक्रवार को तड़के तीन बजे यमुना का पानी 204.43 मीटर था। अपराह्न तीन बजे यह कम होकर 204.27 मीटर रह गया है।

    शुक्रवार को हथनी कुंड से प्रत्येक घंटे लगभग 30 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि हथनी कुंड से अधिक पानी छोड़े जाने पर दिल्ली में नदी का स्तर बढ़ सकता है। इसे ध्यान में रखकर पूरी सतर्कता बरती जा रही है। 14 स्थानों पर नाव के साथ राहत व बचाव कार्य के लिए टीम तैनात की गई है। नियंत्रण कक्ष से यमुना में पानी की स्थिति की निगरानी की जा रही है।