Delhi Yamuna Clean: सफाई अभियान के तहत यमुना के 11 घाटों से हटाया गया 12.41 टन कूड़ा
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर दिल्ली में यमुना नदी के किनारे 11 घाटों पर सफाई अभियान चलाया गया। 2123 लोगों ने मिलकर 12.41 टन कचरा हटाया। भाजपा प्रवक्ता डॉ. ममता त्यागी ने यमुना में प्रदूषण के स्तर पर चिंता जताई और जनभागीदारी से नदी को साफ करने का आह्वान किया। कार्यकर्ताओं ने इस अभियान को जारी रखने का संकल्प लिया।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। विश्व पर्यावरण दिवस पखवाड़े के तहत रविवार को राजधानी दिल्ली में यमुना नदी के 11 प्रमुख घाटों पर सफाई अभियान चलाया गया। इस अभियान में विभिन्न संस्थाओं के कुल 2123 लोगों ने भाग लिया। दो घंटे तक चले इस सफाई अभियान में स्थानीय नागरिकों, युवाओं, महिलाओं, विद्यालयों और सामाजिक संगठनों ने मिलकर लगभग 12.41 टन कचरा एकत्रित किया।
अभियान के दौरान लोगों ने लोहे का पुल छठ घाट, आनंदातीत योग साधना केंद्र, गीता कालोनी, आईटीओ घाट, प्रीतम धाम, निज़ामुद्दीन ब्रिज घाट, मयूर विहार घाट, पंटून ब्रिज, सिग्नेचर ब्रिज, जीरो पुस्ता, ढाई पुस्ता और चौथा पुस्ता जैसे प्रमुख घाटों की सफाई की गई।
दिल्ली में यमुना में 17 बड़े नालों का गंदा पानी गिरता है
सांस्कृतिक राष्ट्रवादी चिकित्सक संघ की अध्यक्ष और भाजपा दिल्ली प्रदेश प्रवक्ता डॉ. ममता त्यागी ने आईटीओ घाट पर अभियान का नेतृत्व करते हुए कहा कि यमुना की दुर्दशा किसी से छुपी नहीं है। दिल्ली में यमुना में 17 बड़े नालों का गंदा पानी गिरता है। जिससे इसका प्रदूषण स्तर बेहद खतरनाक हो चुका है। यह मानव स्वास्थ्य के साथ जीव-जंतुओं और पर्यावरण के लिए भी गंभीर संकट है।
जनभागीदारी ही यमुना को फिर से स्वच्छ बना सकती है
डॉ. त्यागी ने कहा कि अब समय आ गया है जब समाज के लोगों को मिलकर यमुना को बचाने का संकल्प लेना होगा। जनभागीदारी ही यमुना को फिर से स्वच्छ बना सकती है। सफाई अभियान में शामिल जय कुमार, महेंद्र, पुनीत और धीरज यादव सहित कई कार्यकर्ताओं ने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। इसका अभियान का उद्देश्य केवल सफाई नहीं बल्कि नदी संरक्षण और पर्यावरण के प्रति लोगों को जागरूक करना है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।