Delhi News: वासुदेव घाट पर तेजी से चल रही सफाई, यमुना आरती शुरू होने में लग सकते हैं और 15 दिन
यमुना में जल स्तर बढ़ने से किनारे रहने वाले लोग प्रभावित हुए हैं। बाढ़ के कारण कई परिवार बेघर हो गए। वासुदेव घाट पर गाद जमा होने से आरती स्थगित है जिससे श्रद्धालु निराश हैं। डीडीए के अनुसार घाट को साफ करने में 10-15 दिन लगेंगे। श्रद्धालुओं की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए सफाई कार्य तेजी से चल रहा है और जल्द ही आरती शुरू हो जाएगी।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। यमुना का जल स्तर बढ़ने से नदी किनारे रहने वाले लोगों की जिंदगी पर गहरा असर पड़ा है। बाढ़ के कारण कई परिवारों की छत और आजीविका कुछ दिनों के लिए छिन गई थी।
उन्हें अस्थायी शिविरों में रहना पड़ा। बाढ़ प्रभावित यमुना बाजार के लोगों ने खुद के प्रयास से घरों के अंदर जाने के रास्ते बनाए और घरों को रहने लायक बनाया, लेकिन वसुदेव घाट की स्थिति अभी भी बिगड़ी हुई है।
बाढ़ की आशंका, बाढ़, फिर जमा गाद के चलते करीब एक महीने से नियमित यमुना आरती स्थगित है, जिससे श्रद्धालु निराश हैं।
वासुदेव घाट पर प्रत्येक मंगलवार और रविवार को शाम सात बजे आरती होती है। मंगलवार को 500 से 700 और रविवार को लगभग दो हजार श्रद्धालु शामिल होते हैं।
डीडीए के एक अधिकारी के अनुसार घाट पर अभी भी तीन से चार फीट तक गाद जमा है और इसे पूरी तरह साफ करने में 10 से 15 दिन और समय लग सकता है। तब तक यहां आरती शुरू होने के साथ ही श्रद्धालुओं तथा पर्यटकों का बैठना मुश्किल है।
उन्होंने बताया कि मिट्टी में पैर धंस जाने की वजह से काम में भी कठिनाई आ रही है। लेकिन जल्द ही इसे साफ कर दिया जाएगा। उनके अनुसार जहां मिट्टी सूख रही है, वहां से उसे हटाया जा रहा है और मुख्य गेट का काफी हिस्सा साफ हो चुका है।
श्रद्धालुओं की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए काम तेजी से कराया जा रहा है। जल्द ही घाट अपने पुराने स्वरूप में लौटेगा और आरती फिर से शुरू हो सकेगी।
वैसे, पार्किंग क्षेत्र की सफाई कर दी गई है, लेकिन मुख्य घाट की सफाई बाकी है। पार्क में बुल्डोजर चलाने से हरियाली को नुकसान हो सकता है, इसलिए काम सीमित क्षेत्रों में ही किया जा रहा है। इसी तरह, निगम बोध घाट की टूटी दीवार बनाने का काम भी शुरू नहीं हो सका है।
घाट को पहले जैसे रूप में लाने में समय लगेगा, लेकिन इसे आरती करने योग्य जल्द किया जाए, आ रहे लोग निराश लौट रहे हैं। - गोपाल झा, पुजारी
पार्क की सफाई जल्द कर दी जाए ताकि हम मां यमुना की आरती कर सकें। एक महीना हो गया है आरती किए हुए।- सुमन कुमार गुप्ता, समाजसेवी व आरती आयोजक
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।