यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 31, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Sanjay Arora : कौन हैं IPS संजय अरोड़ा, जिन्हें बनाया गया दिल्ली का नया पुलिस कमिश्नर
Delhi Police New Commissioner तमिलनाडु कैडर के आईपीएस अधिकारी संजय अरोड़ा को दिल्ली पुलिस का नया कमिश्नर बनाया गया है। ...और पढ़ें

नई दिल्ली, जागरण डिजिटल डेस्क। तमिलनाडु कैडर के आईपीएस अधिकारी संजय अरोड़ा (Sanjay Arora) को दिल्ली का नया पुलिस आयुक्त (Delhi Police New commissioner) बनाया गया है। वे दिल्ली के नए पुलिस कमिश्नर के रूप में राकेश अस्थाना की जगह लेंगे। वे 1988 बैच के तमिलनाडु काडर के आईपीएस अफसर हैं।
संजय अरोड़ा वर्तमान में आइटीबीपी (भारत-तिब्बत सीमा पुलिस) में महानिदेशक थे। गृह मंत्रालय की ओर से साझा की गई जानकारी के अनुसार, आईपीएस संजय अरोड़ा ने मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान, जयपुर से इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रानिक्स इंजीनियरिंग में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है।
वीरता पदक से हो चुके हैं सम्मानित
आईपीएस अधिकारी बनने के बाद उन्होंने शुरू में तमिलनाडु में विभिन्न पदों पर काम किया, जिसमें पुलिस अधीक्षक (एसपी), विशेष कार्यबल भी शामिल है, उस दौरान उन्होंने डकैत वीरप्पन के गिरोह के खिलाफ सफलता पाई थी। मंत्रालय से मिली जानकारी के अनुसार उन्हें इसके लिए मुख्यमंत्री के वीरता पदक से सम्मानित किया जा चुका है।
आईटीबीपी (ITBP) में अपने कार्यकाल के दौरान, वह साल 2000 से 2002 तक मसूरी में बल अकादमी के प्रशिक्षक भी थे।
बता दें कि इस कैडर में वर्तमान में चार आईपीएस हैं। दिल्ली पुलिस में तीसरी बार ऐसा हुआ है जब किसी गैर यूटी कैडर के आईपीएस को दिल्ली पुलिस का मुखिया बनाया गया है।
पिछले साल बने थे ITBP के प्रमुख
वह पिछले साल अगस्त महीने में ITBP के प्रमुख बने थे। साल 2004 में उन्हें सराहनीय सेवा के लिए पुलिस पदक, 2014 में विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक, पुलिस विशेष कर्तव्य पदक, आंतरिक सुरक्षा पदक और संयुक्त राष्ट्र शांति पदक से सम्मानित किया जा चुका है।

राकेश अस्थाना को दूसरी बार नहीं मिला सेवा विस्तार
केंद्र सरकार के बेहद करीबी माने जाने वाले राकेश अस्थाना को सरकार के इस फैसले से बड़ा झटका लगा है। इससे पहले उन्हें और बड़ा पद मिलने की अटकलें लगाई जा रही थी। राकेश अस्थाना अब तक दिल्ली पुलिस के आयुक्त के पद पर तैनात थे। उन्हें दूसरी बार सेवा विस्तार नहीं मिल पाया है।
बता दें कि राकेश अस्थाना पिछले साल आईपीएस से सेवानिवृत्त होने वाले थे, लेकिन उससे चार दिन पहले दिल्ली पुलिस का कार्यभार संभालने के लिए उन्हें सेवा विस्तार दिया गया था।
